प्रदेश में सबसे ठंडा बरेली, न्यूनतम पारा 5 डिग्री पहुंचा
शिमला और नैनीताल से भी कम रहा तापमान, अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री दर्ज किया गया
बरेली, अमृत विचार। पछुआ हवा के चलते जिले के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। मंगलवार को तापमान में और गिरावट दर्ज की गई और जिला प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। यह शिमला और नैनीताल से भी कम है। शिमला एयरपोर्ट का न्यूनतम तापमान जहां 5.4, शिमला का 3.9 और नैनीताल का 5.7 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में बरेली के बाद नियामतपुर में 5.2 और मेरठ में 5.6 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों ने आगे भी इसी तरह से ठंड बरकरार रहने और घने कोहरे का पूर्वानुमान जताया है।
रात में ही नहीं दिन में भी हवा के कारण ठंड का काफी असर है। पूर्वानुमान है कि 13 दिसंबर तक पछुआ हवा चलेगी, इसके बाद हवा की दिशाएं बदलेगी। जिले में मंगलवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट के साथ 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान 8-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
पंतनगर यूनिवर्सिटी के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डाॅ. आरके सिंह ने बताया कि आमतौर पर 15 दिसंबर से ही कोहरा शुरू होता है। इस बार भी ऐसा ही होने की संभावना है।14 दिसंबर को बादल छाए रहने की भी संभावना है। पूर्वानुमान है गुरुवार की सुबह दिसंबर की सबसे ठंडी होगी। उन्होंने बताया कि बुधवार को धूप निकलेगी, लेकिन पछुआ हवा के कारण धूप में तेजी महसूस नहीं होगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: केंद्र के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई मुहर- शहाबुद्दीन रजवी
