शाहजहांपुर: किसान यूनियन ने लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर लगाया जाम
शाहजहांपुर, अमृत विचार। शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत कृषि विधेयकों का विरोध कर रही भारतीय किसान यूनियन ने लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर जाम लगा दिया। प्रशासन ने पहले ही धरनास्थल के पहले से ट्रैफिक डायवर्ट कर रखा था। किसी भी वाहन को शहर के अंदर से नहीं आने दिया जा रहा है। कृषि विधेयकों का …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत कृषि विधेयकों का विरोध कर रही भारतीय किसान यूनियन ने लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर जाम लगा दिया। प्रशासन ने पहले ही धरनास्थल के पहले से ट्रैफिक डायवर्ट कर रखा था। किसी भी वाहन को शहर के अंदर से नहीं आने दिया जा रहा है।
कृषि विधेयकों का विरोध कर रही भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने शुक्रवार को एनएच-24 जाम कर धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया था। शुक्रवार सुबह से ही जिले के विभिन्न स्थानों से यूनियन के कार्यकर्ता हरदोई चौराहे से आगे टोल प्लाजा के पास चांदापुर चौराहे पर पहुंचने लगे थे।
मध्याह्न 12 बजे काफी संख्या में लाठी-डंडे लेकर जुटे किसानों ने हाईवे के दोनों ओर ट्रैक्टर ट्रालियां खड़ी कर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान कई थानों का फोर्स मौके पर रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखी। पुलिस ने गुरुवार को ही ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था बना ली थी।
शुक्रवार को बरेली की ओर से लखनऊ जाने वाले वाहनों को मीरानपुर कटरा, मदनापुर, जलालाबाद होते हुए हरदोई चौराहे से लखनऊ की ओर निकाला जा रहा था। लखनऊ से बरेली जाने वाले बड़े वाहनों को हरदोई चौराहे से जलालाबाद, कटरा की ओर डायवर्ट किया गया था। धरना स्थल से काफी पहले बरेली मोड़ और हरदोई चौराहे पर मुस्तैद पुलिस वाहनों को दूसरे रूट पर डायवर्ट करती रही।
