कन्नौज: शादी का दबाव बनाने पर प्रेमी ने की थी महिला की हत्या, पुलिस का खुलासा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज, अमृत विचार। सुर्सी अंडरपास एक्सप्रेस वे के निकट महिला का शव मिलने के मामले का पर्दफाश हो गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला की हत्या उसके शादीशुदा प्रेमी ने शादी का दबाव बनाने पर की थी। उसने फोन कर प्रेमिका को मायके से बुलाया और डंडे के वार से मौत के घाट उतार दिया। एसपी अमित कुमार आनन्द व एएसपी संसार सिंह ने पुलिस लाइन में खुलासा करते हुए बताया कि सुर्सी अनीता की शादी तिर्वा कस्बे निवासी रमेश के साथ हुई थी। रमेश तिर्वा में सफाई कर्मी है।

उसके साथ ही तिर्वा के सुभाष नगर निवासी सुरेंद्र पुत्र बाबू लाल सफाई नायक के पद पर कार्यरत था। इसी से दोनों के बीच दोस्ती हो गई। इसके चलते सुरेंद्र का रमेश के घर आना जाना हो गया। फिर उसका अनीता से प्रेम प्रसंग हो गया। वह रमेश के घर उसके न होने पर भी आता रहता था। यह क्रम चलता रहा। इसकी जानकारी पर रमेश ने पत्नी को समझाने का प्रयास किया तो विवाद हो गया। इससे अनीता करीब आठ माह से घर छोड़ कर अलग रहने लगी।

अधिकतर वह मायके ठठिया थाना क्षेत्र के गांव सुर्सी में रहती थी। सुरेंद्र, अनीता से दिन में कई-कई बार फोन पर बात करता था। जब वह उसे बुलाता तो वह आ जाती थी। रात में कभी-कभी वह उसके बताये स्थान पर रुकती भी थी। करीब चार वर्ष से प्रेम प्रसंग चलने से वह सुरेंद्र पर शादी करने का दवाव बना रही थी। न करने पर झूठे बलात्कार के मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थी। आरोपी इससे परेशान रहता था।

आरोपी शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं। इससे वह शादी नहीं कर सकता था। ऐसे में उसने अनीता की हत्या करने की योजना बनाई। घटना वाली रात उसने फोन कर उसे बुलाया। इसके बाद 13 दिसंबर की सुबह उसे बाइक पर बैठा कर एक्सप्रेस वे सुर्सी कट पर ले गया जहां डंडे से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव छोड़ कर घर चला गया।

मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मायके व ससुरालीजनों से बात कर घटना स्थल व सुर्सी से लेकर तिर्वा तक के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो आरोपी कैमरे में कैद हो गया। इस पर पुलिस ने आरोपी को इत्र पार्क के पास ठठिया से खैरनगर जाने बाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयोग की गई बाइक को भी बरामद कर लिया। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

इस टीम को मिली सफलता
एसपी के ने मामले का खुलासा करने के लिये ठठिया थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार अवस्थी, दरोगा हसीव अहमद, सिपाही ललित यादव, सागर पवार, व एसओजी टीम प्रभारी कमल भाटी, सुधीर कुमार, मनीष कुमार सिंह, गौरव कुमार, आदित्य सिंह, विकास अग्रहति व सर्विलांस टीम के कुलदीप यादव, दुष्यंत यादव, शिवराज सिंह आदि को लगाय था।

ये भी पढ़ें -वाराणसी : अस्सी घाट पर नृत्यांजलि का हुआ आयोजन, कलाकारों ने बांधा समां

संबंधित समाचार