सड़क सुरक्षा पखवाड़ा : जागरूकता के साथ काउंसिलिंग और हेल्थ चेकअप भी कराएगा परिवहन निगम
लखनऊ, अमृत विचार। योगी सरकार शीत ऋतु में सड़क दुर्घटनाओं व उनसे होने वाली मृत्यु की संख्या में कमी लाने के उद्देश्य से जनमानस को यातायात के नियमों एवं सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करने के लिए आज 15 दिसंबर से 31 दिसंबर तक 'द्वितीय सड़क सुरक्षा पखवाड़ा' आयोजित करने जा रही है। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जागरूकता के साथ-साथ औचक जांच, चालकों व परिचालकों की काउंसिलिंग और चालकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी होगा। शुक्रवार से शुरू हो रहे सड़क सुरक्षा पखवाड़े की शुरुआत परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह लखनऊ में 1090 चौराहे से करेंगे।
इन गतिविधियों पर होगा फोकस
पखवाड़े के दौरान परिवहन निगम ब्रेथएनालाइजर डिवाइस के माध्यम से डिपो/कार्यशाला एवं मार्ग पर औचक जांच कराएगा। परिवहन निगम की समस्त बसों की तकनीकी जांच कराकर ही बसों को आउटशेड कराया जाएगा। निगम एवं अनुबंधित बसों की हेड लाइट, बैक लाइट, इंडीकेटर, रियर व्यू मिरर, एसएलडी एवं सीट बेल्ट की चेकिंग कराई जाएगी। बसों के स्पीड कंट्रोल डिवाइस की जांच, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच एवं क्रू की वर्दी की जांच, निगम एवं अनुबंधित बसों में रिफलेक्टिव टेप लगाना, चालकों को रात में बस संचालन के दौरान हेडलाइट के हाईबीम/लोबीम के प्रयोग के संबंध में जानकारी देना जैसी गतिविधियों को सुनिश्चित कराया जाएगा।
चालकों का होगा स्वास्थ्य परीक्षण
निगम के समस्त नियमित/संविदा चालकों की मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए हेल्थ कार्ड के माध्यम से राजकीय चिकित्सालयों में आंखों की जांच व सामान्य स्वास्थ्य जांच, जिसके अंतर्गत नजर, कलर ब्लाइंडनेस, ब्लड प्रेशर, रैंडम शुगर आदि की जांच कराई जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं नेत्र परीक्षण कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें -Sardar Patel Death Anniversary : CM योगी ने सरदार पटेल को दी विनम्र श्रद्धांजलि, वाराणसी में किया माल्यार्पण
