बेघरों की मौत पर मुख्यमंत्री से जवाब मांगना पड़ा भारी, भाजपा विधायकों को  किया गया सदन से बाहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्दी के मौसम में ठंड के कारण अब तक 203 बेघरों की मौत होने का दावा करते हुये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से जवाब मांगा, जिसके बाद उन्हें मार्शल ने दिल्ली विधानसभा से बाहर कर दिया।

भोजनावकाश के बाद विधानसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सफाई कर्मचारियों के नियमितीकरण में कथित रूप से बाधा डालने पर नियम 55 के तहत एक अल्पकालिक चर्चा शुरू हुई। विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मौजूदा सर्दी के मौसम में दिल्ली में 203 बेघर लोगों की कथित मौत पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का नोटिस दिया।

विधूड़ी ने कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस मुद्दे पर सदन में जवाब दें।’’ विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने विधूड़ी के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव को खारिज कर दिया और कहा कि वह मामले का अध्ययन करेंगे और इसके बाद इस पर निर्णय लेंगे।

भाजपा विधायकों के अपनी मांग पर अड़े रहने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने मार्शल को उन्हें (भाजपा विधायकों) को सदन से बाहर करने का आदेश दिया । बिधूड़़ी ने आरोप लगाया कि दिल्ली के लोगों के मुद्दे पर भाजपा विधायकों ने 12 नोटिस दिये, लेकिन इनमें से एक को भी चर्चा के लिये स्वीकार नहीं किया गया। 

ये भी पढ़ें - झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू

संबंधित समाचार