लखनऊ: महिला से अभद्रता करने वाला आरोपी सिपाही निलंबित, डीसीपी दक्षिणी ने की कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल वीडियो में महिला से अभद्रता कर रहे सिपाही काे डीएसपी दक्षिण विनीत जायसवाल ने निलंबित कर दिया है। वीडियो कृष्णानगर इलाके की विजय नगर चौकी का बताया जा रहा है। जबकि आरोपी सिपाही सरोजनीनगर थाने में तैनात है। डीसीपी ने मामले में विभागीय जांच के आदेश दिये हैं। इंस्पेक्टर कृष्णानगर जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। 

वीडियो विजय नगर चौकी का बताया जा रहा था। वीडियो की जांच में पता चला कि इसमें दिख रहा मुख्य आरक्षी रंजन प्रताप सिंह सरोजिनी नगर थाने में तैनात है। वह कृष्णानगर के अलीनगर सुनहरा में बने मकान में रहता है। वीडियो में दिख रही रानी यादव नामक महिला इनके मकान में रहती थी। दाेनों का पैसे के लेनदेन का विवाद था। रंजन ने रानी व नरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 

मामले की विवेचना के बाद दारोगा अनीश कुमार सिंह ने आरोप पत्र दाखिल किया है। उक्त मामले में ही महिला शुक्रवार को विजय नगर चौकी पर सामान लेने पहुंची थी। वहीं पर उधारी को लेकर उसने रंजन से विवाद किया। इसी दौरान रंजन अभद्रता करते दिख रहा है। दोनों के बीच चल रहे विवाद का किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। बताया कि रंजन को डीसीपी ने निलंबित कर दिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-अखिलेश यादव बोले-भाजपा सरकार की गलत नीतियों से किसान बेहाल

संबंधित समाचार