Kanpur Weather Today: शिमला से ठंडा रहा शहर... दिन में धूप तो रात में हो रही गलन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शिमला से ठंडा रहा कानपुर।

शहर शुक्रवार को शिमला से भी ज्यादा ठंडा रहा। मौसम विभाग की ओर से शहर का न्यूनतम तापमान 6.4 दर्ज किया गया।

कानपुर, अमृत विचार। शहर शुक्रवार को शिमला से भी ज्यादा ठंडा रहा। मौसम विभाग की ओर से शहर का न्यूनतम तापमान 6.4 दर्ज किया गया। शिमला का न्यूनतम पारा 6.8 नापा गया।

न्यूनतम तापमान में अचानक 2.8 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। इस तरह से यह दिसंबर महीने का सबसे कम तापमान भी रहा। 

सीएसए के मौसम वैज्ञानिकों ने जल्द ही कड़ाके की ठंड के दस्तक देने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि जब तक दिन के तापमान में कमी दर्ज नहीं की जाएगी तब तक अधिक ठंड जैसी स्थिति नहीं बनेगी। हां, रात काफी सर्द रहेंगी।

अधिकतम तापमान 24.5 दर्ज किया गया। दिन में गलन बढ़ने में अभी चार से पांच दिन का समय लगेगा। सीएसए के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि आने वाले मंगलवार तक शहर में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। 

इसलिए नहीं चुभ रही ठंड

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि न्यूनतम तापमान में गिरावट होने के बाद भी दिन में अधिक ठंड का एहसास नहीं हो रहा। इसकी वजह धूप और गर्म दिन बना हुआ है। विशेषज्ञों ने बताया कि किसी स्थान विशेष का न्यूनतम तापमान तड़के मापा जाता है। कुछ ही देर बाद सूरज उग आता है और तापमान बढ़ने लगता है।

यही वजह है कि उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में दिन अभी भी गर्म और आरामदायक बने हुए हैं। सर्दी का एहसास तब होता है जब दिन का तापमान भी गिर जाता है। जब तक लगातार कोहरा नहीं रहेगा, दिन के तापमान में गिरावट नहीं होगी तब तक अधिक ठंड जैसी स्थिति नहीं बनेगी। रात में तेज गलन रहेगी लेकिन दिन में धूप का असर रहेगा।

संबंधित समाचार