हाल धान खरीद : दो महीने में महज 230 किसानों से क्रय हुआ धान 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

निर्धारित लक्ष्य पांच हजार एमटी के सापेक्ष अब तक 10781 कुंतल ही खरीद 

गोसाईगंज/ अयोध्या, अमृत विचार। शासन द्वारा धान क्रय केंद्र के दो माह लगभग पूरे होने जा रहे हैं। अभी तक लक्ष्य की आधा खरीद भी नही हो सकी है। ऐसे में लक्ष्य को पाना टेढ़ी खीर दिखाई पड़ रहा है।
   
गोसाईगंज नवीन सब्जी मंडी में चल रहे क्रय केंद्र की बुरी हालत है। एसएमआई हरिसेवक चौरसिया ने बताया कि पांच हजार एमटी का लक्ष्य मिला हुआ है। अभी तक 203 किसानों से 10781 कुंतल धान की ही खरीद हो सकी है। जिस तरह से धान आना चाहिए वह सहालग होने के कारण आ नही पा रहा। सहालग समाप्ति की तरफ है। आवक में अब तेजी आने की उम्मीद है।बताया किसानों को 2183 रुपए प्रति कुंतल की दर से उनके खाते में उनकी उपज का मूल्य दिया जा रहा है। तौल करवाने के बाद तीन से चार दिन में खाते में पैसा ट्रांसफर हो रहा है। गोदाम में रखे धान को जीपीएस लगी गाड़ियों से मिल पर पहुंचाया जा रहा है। दावा किया कि अभी खरीद के लिए ढाई महीने बचे है। समय पर लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।

कम उपज भी बना है खरीद में रोड़ा
इस बार धान की फसल बरसात की देरी से 30 प्रतिशत कम पैदा हुई है। जिससे क्रय केंद्र को लक्ष्य को पूरा करने दिक्कत आ रही है। 

तामझाम से बचने को किसान सीधे दुकानदारों को बेच रहे है धान
क्रय केंद्र पर कागजी कार्यवाही होने के कारण किसान अपनी उपज सीधे दुकानदारों को बेच रहे है। दुकानदारों से उनको क्रय केंद्र से कम दाम मिल रहा है। खुले मार्केट में धान की कीमत 1900 से 2000 रुपए के बीच है। जबकि केन्द्र पर 2118 रुपए प्रति कुंतल रेट है। बाजार में तत्काल धनराशि मिलने से किसान केन्द्र नहीं आ रहे हैं।

ये भी पढ़ें -गौतमबुद्ध नगर : नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फरवरी से शुरू होगा टेस्ट फ्लाइट का संचालन

संबंधित समाचार