PM Modi varanasi visit : सेना के हेलीकाप्टर ने किया दौरा, चप्पे-चप्पे पर कैमरे से होगी निगरानी
वाराणसी, अमृत विचार। काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले शनिवार को ग्रैंड रिहर्सल किया गया। अपने दौरे में काशीवासियों को प्रधानमंत्री 19 हजार से ज्यादा परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री दो दिवसीय दौरे के दौरान मुख्य चार कार्यक्रम में शामिल होंगे।
वाराणसी के कटिंग मेमोरियल, नमो घाट और उमरहा के स्वर्वेद मंदिर के साथ सेवापुरी के बरकी कार्यक्रम स्थल पर फ्लीट और सेना के हेलिकॉप्टर से रिहर्सल किया गया। पीएम मोदी के आगमन को लेकर शुक्रवार को ही सुरक्षा की दृष्टि से एसपीजी की टीम ने वाराणसी में कार्यक्रम स्थल में डेरा डाल दिया था। वहीं शनिवार को सभी कार्यक्रम स्थलों पर आम लोगों के जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से जिला प्रशासन ने वाराणसी में 18 दिसंबर तक ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध कर दिया है। गौरतलब है कि संसद की घटना के पश्चात देश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर है। वही वाराणसी में पीएम मोदी के दौरे के दौरान होने वाले कार्यक्रम और रोड शो को लेकर सुरक्षा के व्यापम इंतजाम किए गए है।

26 आईपीएस संभालेंगे सुरक्षा की कमान, कैमरा से होगी निगरानी
पीएम के दौरे के दौरान एडीजी सुरक्षा रघुबीर लाल के नेतृत्व में 26 आईपीएस सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे। बरेका स्थित गेस्ट हाउस और पीएम के जनसभा स्थल से लगायत सभी कार्यक्रम स्थल एसपीजी के अफसरों ने अपने कमान में ले लिया है। पुलिस और प्रशासन के अफसरों के साथ एसपीजी ने एडवांस सिक्योरिटी लायजनिंग (एएसएल) बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और पीएम की आवाजाही से संबंधित रूट का खाका खींचा।
पीएम मोदी के आगमन के मद्देनजर एडीजी जोन, डीआईजी रेंज और पुलिस आयुक्त के अलावा एक डीआईजी और 22 आईपीएस बाहर से आएंगे। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था के लिए 17 एडिशनल एसपी, 58 सीओ, 60 इंस्पेक्टर, 497 सब इंस्पेक्टर, 2200 कांस्टेबल-हेड कांस्टेबल, 250 होमगार्ड और 10 कंपनी पीएसी और पांच कंपनी सीएपीएफ के जवान भी यहां पहुंचे हैं।
पीएम मोदी के सभी कार्यक्रम स्थल सीसी कैमरे से लैस रहेंगे। आतंकवाद निरोधक दस्ते के कमांडो के साथ ही बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और अग्निशमन कर्मी भी सभी कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहेंगे। पीएम की आवाजाही से संबंधित रूट और कार्यक्रम स्थलों के समीप रूफ टॉप फोर्स तैनात की जाएगी।
नमो घाट पर पीएम मोदी के मौजूद रहने के दौरान राजघाट स्थित मालवीय पुल से वाहन नहीं गुजरेंगे और फोर्स तैनात रहेगी। इसके साथ ही ट्रेनों का परिचालन भी नहीं होगा। रविवार की दोपहर से गंगा में नाव की बैरिकेडिंग की जाएगी। राजघाट और आदिकेशव घाट पर गंगा में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जल पुलिस की नावें इस तरह से खड़ी की जाएंगी कि पीएम के नमो घाट पर मौजूद रहने के दौरान आमजन की नाव उस ओर न जा सकें।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात होने वाली फोर्स को पुलिस अफसरों ने शनिवार सुबह पुलिस लाइंस में ब्रीफ कर ड्यूटी के बारे में बताया। इसके साथ ही पीएम की डमी फ्लीट का ग्रैंड रिहर्सल किया गया।
ये भी पढ़ें -Video - मंडलायुक्त डॉ रोशन जैकब ने लखनऊ में किया शहर के प्रमुख वाटर बॉडीज का निरीक्षण
