Accident In Kanpur: ट्राला की टक्कर से खंती में पलटी कार, एक की मौत व चार घायल, परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल
कानपुर में ट्राला की टक्कर से खंती में पलटी कार।
कानपुर के चौबेपुर थानाक्षेत्र में ट्राला की टक्कर से खंती में कार पलट गई। हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि चार घायल हो गए। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
कानपुर, अमृत विचार। चौबेपुर थानाक्षेत्र में तेज रफ्तार ट्राला ने शादी समारोह में शामिल होने जा रहे कार सवारों को टक्कर मार दी। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। हादसे में घटनास्थल पर एक अधेड़ की मौत हो गई वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा वहीं अधेड़ के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, तो कोहराम मच गया।
जिला हमीरपुर के राठ सिकंदरा शिवाजी नगर निवासी 50 वर्षीय पवन कुमार शर्मा जनरल स्टोर संभालते थे। उनके परिजनों ने बताया कि पवन शुक्रवार को मनोज सोनी समेत अन्य तीन दोस्तों के साथ हरदोई के मल्लावां में शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। बताया कि वह अभी चौबेपुर थानाक्षेत्र में बिकरू गांव के पहले पहुंचे ही थे, कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्राला ने टक्कर मार दी।
जिससे आगे चल रही कार अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान पवन कुमार के सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मौत हो गई। वहीं बगल में बैठे साथी मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं तीन अन्य मित्रों को चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर हादसा देख लोगों की भीड़ लग गई।
राहगीरों की सूचना पर कुछ ही देर में डायल 112 पहुंच गई। किसी तरह गाड़ी में फंसे घायलों को निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। इसके बाद क्रेन की मदद से गाड़ी को खंती से निकलवाया गया।
चौबेपुर पुलिस के अनुसार पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेज दिया था। वहीं मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई थी। वहीं घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों को हुई तो चीखपुकार मच गई। मृतक पवन की पत्नी ज्योति व बच्चे शिवम व सत्यम का रो-रोकर बुरा हाल था।
बाइकों की भिड़ंत में युवक ने दम तोड़ा
नौबस्ता थानाक्षेत्र में राजीव नगर के रहने वाले 19 वर्षीय निहाल साहू आठ दिसंबर को काम से बाइक से जा रहे थे।तभी मानस मंदिर झंडा वाला चौराहे पर सामने से से आ रहे दूसरी बाइक से भिड़ कर गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर अवस्था में घायल युवक को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात मौत हो गई। घटना के बाद मां रीतू का रो-रोकर बुरा हाल है। मां ने आरोप लगाया कि इस घटना में उन लोगों ने थाने में तहरीर दे दी थी। पुलिस बाइक सवार आरोपी सहबान अंसारी को पकड़कर लाई। इसके बाद उसे थाने से छोड़ दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
