प्रयागराज: इलेक्ट्रॉनिक मीडिया वेलफेयर क्लब के दो वरिष्ठ पत्रकारों को मिला हेरम्ब मिश्र स्मृति शिखर सम्मान
प्रयागराज। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया वेलफेयर क्लब के सचिव मनीष पालीवाल और मार्गदर्शक मंडल के सदस्य डा. सर्वेश दुबे को रविवार को पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिए जाने पर सम्मानित किया गया। डा. सर्वेश दुबे और मनीष पालीवाल को पंडित हेरम्ब मिश्र स्मृति पत्रकारिता संस्थान की तरफ से स्मृति शिखर सम्मान से नवाजा गया।
कायस्थ पाठशाला ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में डा. सर्वेश दुबे और मनीष पालीवाल को शाल, स्मृति चिन्ह, सम्मान पत्र, नारियल वा अंग वस्त्रम देकर सम्मानित किया गया। सम्मान वाचन में बताया गया कि डा सर्वेश दुबे पिछले 20 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं, जबकि मनीष पालीवाल विगत 16 सालों से मीडिया के क्षेत्र में कार्यरत हैं। दोनों ने अपने पत्रकारिता जीवन में तमाम उपलब्धियां हासिल की हैं। उनकी कई खबरें राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में रही हैं।
डा. सर्वेश दुबे और मनीष पालीवाल ने समारोह में आयोजकों का आभार जताया और कहा कि इससे उन्हें और बेहतर व सक्रिय होकर काम करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि चुनौतियों के बीच इस तरह के सम्मान अपने दायित्वों को और बेहतर तरीके से करने के लिए प्रेरित करते हैं।
मनीष पालीवाल और डा सर्वेश दुबे को को स्मृति शिखर सम्मान से नवाजे जाने पर प्रयागराज इलेक्ट्रॉनिक मीडिया वेलफेयर क्लब के सदस्यों ने एक बैठक कर दोनों को बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि दोनों इसी तरह से पत्रकारिता के क्षेत्र में आगे बढ़ते रहेंगे और अपनी अलग पहचान के जरिए क्लब का गौरव भी बढ़ाते रहेंगे। इस मौके पर क्लब के अध्यक्ष धीरेंद्र द्विवेदी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरिफ राजू, उपाध्यक्ष राजीव खरे, कोषाध्यक्ष सैयद आकिब रजा, संयुक्त सचिव इमरान लईक व विमल श्रीवास्तव, प्रचार सचिव राजुल शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: अयोध्या में 31 दिसंबर तक तैयार हो जाएगा एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं वाला भव्य रेलवे स्टेशन, जानिये क्या मिलेंगी सुविधाएं
