Kanpur Dehat Crime: रनियां थाने के सामने शव रखकर हंगामा, एक घंटे कानपुर हाईवे जाम
कानपुर देहात में युवक की मौत के बाद हंगामा।
कानपुर देहात में दोस्तों के साथ गए युवक के घायल अवस्था में मिलने के बाद उपचार के दौरान घर में सोमवार को मौत पर परिजनों शव को रनियां थाने के बाहर हाईवे की कानपुर जाने वाले वाली लेन रखकर हंगामा शुरू कर दिया।
कानपुर देहात, अमृत विचार। करीब साढ़े पांच माह पूर्व कानपुर की फैक्ट्री से ड्यूटी कर घर लौट रहे मजदूर का रायपुर में कुछ लोगों ने अपहरण करने के बाद मारपीट कर फेंक दिया था।
जिसकी प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत होने के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव रनियां थाने के बाहर रखकर हंगामा किया और कानपुर हाईवे पर जाम कर दिया।
इस दौरान पुलिस व परिजनों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। मौके पर पहुंचे कार्रवाई की आश्वासन देकर लोगों को शांत कराकर जाम खुलवाया।
बता दें कि गजनेर थाना क्षेत्र निवासी धर्मेंद्र कुमार (35) कानपुर नगर के दादा नगर स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। वह बीती 25 जून को डयूअी कर घर लौट रहा था।
तभी रनियां क्षेत्र के रायपुर में कुछ लोगों ने उसका अपहरण कर लिया था और मारपीट कर कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में फेंक गए थे। परिजन उसका कानपुर के अस्पताल में ही इलाज करा रहे थे। रविवार को धर्मेंद्र की मौत हो गई थी।
परिजनों ने सोमवार सुबह धर्मेंद्र का शव लेकर रनियां थाने के बाहर रख दिया और हंगामा करने लगे। जिससे हाईवे की कानपुर जाने वाली लेन पर जाम लग गया।
मृतक परिजनों ने आरोप लगाया कि मामले में आरोपी गजनेर निवासी राजेश, नन्हे, मनोज, अजय व अजय समेत सहित छह लोगों के खिलाफ अपहरण कर जान से मारने के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
जबकि वह लोग आरोपियों को पकड़ने के लिए कानपुर नगर व देहात पुलिस के अधिकारियों को लगातार प्रार्थना पत्र दे रहे थे। वहीं हंगामे व हाईवे जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
इसी दौरान रनियां थाने में तैनात महिला सिपाहियों ने हाईवे पर जाम लगाए महिलाओं को खींचकर हटाने का प्रयास किया। जिसपर उनकी महिलाओं से धक्का-मुक्की होने लगी। मौके पर पहुंचे सीओ सदर ने कार्रवाई की आश्वासन देकर आक्रोशित परिजनों को शांत कराया।
जिसके करीब एक घंटे बाद हाईवे पर जाम खुल सका और आवागमन सुचारू हो सका। सीओ सदर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में कानपुर नगर में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। जो बीती 17 नवंबर को रनियां थाने में स्थानांतरित होकर आई है। मौत की वजह पीएम रिपोर्ट से ही उजागर होगी। इसके बाद ही हत्या की धारा बढ़ाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
हाईवे पर कई किमी के जाम में परेशान रहे लोग
मृतक के शव को रनियां थाने के बाहर रखकर हंगामा व हाईवे जाम होने से अकबरपुर से कानपुर जाने वाली लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक लगे जाम में रोडवेज व प्राइवेट बस, अन्य सवारी सवारी वाहनों में बैठे राहगीरों को परेशान होना पड़ा।
हालांकि कस्बा में ही जाम के चलते लोगों को खानपान में कोई दिक्कत नहीं हुई। लोग वाहनों से उतरकर दुकानों पर जलपान करते दिखे। लेकिन जरूरी कार्य से जल्द पहुंचने वाले लोगों को खासी दिक्कत हुई। बाद में जाम खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
