Kannauj News: नकाबपोश लुटेरों ने चौकीदारों को बंधक बनाकर लोडर समेत लाखों का सामान लूटा, पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में नकाबपोश लुटेरों ने चौकीदारों को बंधक बनाकर लोडर समेत लाखों का सामान लूटा।

कन्नौज में नकाबपोश लुटेरों ने चौकीदारों को बंधक बनाकर लोडर समेत लाखों का सामान लूट लिया। पुलिस सीसीटीवी के सहारे चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

कन्नौज, अमृत विचार। नलकूप खंड कार्यालय पर आधी रात को नकाबपोश आठ-दस लुटेरों ने धावा बोल दिया और दो चौकीदारों को बंधक बना लिया। लुटेरों ने स्टोर का ताला तोड़कर लोडर समेत लाखों रुपये का कीमती सामान लूट लिया। रात में ही अधिशासी अभियंता ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिस पर डॉग स्क्वाड व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और नमूने लिये। पुलिस सीसीटीवी के सहारे चोरों की तलाश में जुटी हुई है। 

शहर के सरायमीरा डाकबंगले के पास नलकूप खंड कार्यालय पर रविवार की रात 12 बजे के करीब आठ-दस नकाबपोश लुटेरों ने धावा बोल दिया और स्टोर के बाहर अलाव ताप रहे चौकीदार मोहित कुमार निवासी बहादुरपुर उज्जैना व लवकुश यादव को असलहों के बल पर दबोच लिया। लुटेरों ने दोनों के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और हाथ-पैर बांधकर चारपाई पर पीठ के बल लिटा दिया।

इसके बाद लुटेरों ने स्टोर समेत दफ्तरों का ताला तोड़ दिया। चोरों ने स्टोर रूम से रिवाइंडिंग कॉपर वायर व कीमती तार समेत काफी सामान वहीं खड़े विभाग के लोडर पर लाद लिया और धक्का देकर बाहर तक ले आए। इसके बाद डाकबंगला रोड पर लोडर को स्टार्ट किया और सरायमीरा से कानपुर की तरफ भाग गए।

थोड़ी देकर किसी प्रकार मोहित ने रस्सी को तोड़ दिया और लवकुश को भी बंधनमुक्त कराया। चौकीदारों ने रात में ही घटना की सूचना अधिशासी अभियंता हरीश कुमार शर्मा व स्टोर इंचार्ज एसएस कटियार को दी। एक्सईएन ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर रात में ही अपर पुलिस अधीक्षक संसार सिंह, सीओ सिटी डॉ. प्रियंका बाजपेयी, प्रभारी निरीक्षक विष्णुकांत तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का मुआयना किया।

इसके बाद पुलिस लाइन से डॉग स्क्वाड को बुलाया गया तथा फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए। पुलिस सीसीटीवी के सहारे लुटेरों की तलाश में जुटी हुई है। अवर अभियंता एसएस कटियार ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 

डाकबंगला की चहारदीवारी कूद कर आए थे लुटेरे

पुलिस ने डॉग स्क्वाड को घटनास्थल पर भेजा तो वह डाकबंगला की चहारदीवारी तक ही गए और परिसर में घूमते हुए बाहर गली तक आए, जहां से लुटेरे लोडर पर बैठकर भागे थे। चौकीदारों ने बताया कि लुटेरों ने चादर को फाड़कर उससे रस्सी बनाई और उसी से हाथ-पैरों को बांध दिया था। बड़े स्टोर रूम के दरवाजे में करंट रहता है, इसलिए चोर उसे नहीं तोड़ पाए, यदि उसका ताला टूट जाता तो लाखों रुपये की सबमर्सिबल पंप उठा ले जाते।

नलकूप खंड के बंद मिले सीसीटीवी कैमरे

नलकूप खंड में स्टोर के बाहर लाखों रुपये का सामान पड़ा रहता है और वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। एएसपी ने जब इस बाबत अधिशासी अभियंता हरीश कुमार शर्मा से पूछा तो उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे, लेकिन बंदरों ने तोड़ दिए हैं, इस वजह से कैमरे बंद हैं। हालांकि डाकबंगला रोड पर कई लोगों के मकान के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनमें लोडर समेत लुटेरों की साफ तस्वीर कैद हो गई है। 

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस की तीन टीमों का गठन कर लगाया गया है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर माल की रिकवरी की जाएगी।- डॉ. प्रियंका बाजपेयी, सीओ सिटी

 

 

संबंधित समाचार