बरेली: भोजीपुरा हादसा...बेतहाशा रफ्तार की वजह से हुआ था हादसा, जांच पूरी
डंपर चालक का नहीं मिला दोष, टायर भी निकले सही
बरेली, अमृत विचार। भोजीपुरा में डंपर और कार की टक्कर के बाद आग लगने से कार सवार आठ लोगों की मौत के मामले की समिति ने जांच पूरी कर ली है। समिति ने हादसे की वजह बेतहाशा रफ्तार को माना है। मंगलवार को समिति जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेगी।
नौ दिसंबर की रात में शहर के एक शादी हाल से बराती बहेड़ी से लौट रहे थे। भोजीपुरा थाने से कुछ आगे जाकर कार बेकाबू होकर डिवाइडर पार करते हुए सड़क की दूसरी तरफ जाकर सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई थी। हादसे में कार सवार आठ लोगों की जलकर मौत हो गई थी। डीएम के निर्देश पर जांच कर रही तीन सदस्यी समिति एक्सईएन, आरआई टेक्निकल और ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने अपनी रिपोर्ट में माना है कि कार की रफ्तार अधिक होने पर वह सड़क के दूसरी तरफ बेकाबू होकर चली गई।
इसी दौरान कार का पेट्रोल टैंक में रिसाव या फटने की वजह से कार में आग लग गई। जिससे हादसा हुआ। जांच में सामने आया है कि डंपर चालक का हादसे में कोई दोष नहीं है। वह अपनी दिशा में सही आ रहा था। अचानक से कार के आगे आ जाने से वह ब्रेक नहीं लगा सका। समिति मंगलवार जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार को टीम अपनी रिपोर्ट देगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: ओरिएंटेशन के जरिये छात्रों को दी नई दिशा
