Farrukhabad News: माफिया अनुपम दुबे के फरार शिक्षक भाई डब्बन व अभिषेक के शैक्षिक अभिलेखों की जांच शुरू
फर्रुखाबाद में माफिया अनुपम दुबे के फरार शिक्षक भाई डब्बन व अभिषेक के शैक्षिक अभिलेखों की जांच शुरू।
फर्रुखाबाद में माफिया अनुपम दुबे के फरार शिक्षक भाई डब्बन व अभिषेक के शैक्षिक अभिलेखों की जांच शुरू हो गई। पुलिस अधीक्षक के पत्र पर बीएसए ने जांच करवाई शुरू।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। माफिया अनुपम दुबे के फरार चल रहे शिक्षक भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन व उसके छोटे भाई अभिषेक दुबे के शैक्षिक अभिलेखों की जांच जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कर रहे हैं। यह जांच पुलिस अधीक्षक के पत्र के आधार पर की जा रही है। हालांकि विभागीय अधिकारी इस मामले में बोलने से बच रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को पत्र भेजकर कहा था कि माफिया अनुपम दुबे के छोटे भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन व अभिषेक दुबे अशासकीय सहायता प्राप्त श्याम जनता विद्यालय सिन्नौड़ा ईश्वरी विकास खंड मोहम्मदाबाद में शिक्षक हैं। डब्बन की नियुक्ति प्रधानाध्यापक व अभिषेक दुबे की नियुक्ति सहायक अध्यापक के पद पर हुई थी।
जानकारी करने पर पता चला कि इन दोनों ने शैक्षिक अभिलेखों में हेर-फेर कर नियुक्ति पाई है। पत्र मिलने के बाद जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने खंड शिक्षाधिकारी मोहम्मदाबाद को निर्देशित किया कि वह अनुराग दुबे उर्फ डब्बन व अभिषेक दुबे के शैक्षिक अभिलेखों की गंभीरता से जांच कराकर उन्हें अवगत कराएं।
खंड शिक्षाधिकारी मोहम्मदाबाद भारती शाक्य ने बताया कि अनुराग दुबे उर्फ डब्बन व अभिषेक दुबे के शैक्षिक अभिलेख जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को उपलब्ध करा दिए हैं। अभिलेखों की जांच वही करेंगे। गौरतलब है कि अनुराग दुबे उर्फ डब्बन को निलंबित भी किया जा चुका है। गैंगस्टर के मामले में वह फरार चल रहा है। उनके ऊपर शासन ने 50 हजार का इनाम घोषित किया है।
बोले जिम्मेदार
‘अशासकीय सहायता प्राप्त श्याम जनता विद्यालय सिन्नौड़ा ईश्वरी विकास खंड मोहम्मदाबाद के प्रधानाध्यापक अनुराग दुबे उर्फ डब्बन व सहायक अध्यापक अभिषेक दुबे के शैक्षिक अभिलेखों की जांच गहनता से करवाई जा रही है। जो भी जांच होगी वह संबंधित अधिकारियों को सौंप दी जाएगी।’- गौतम प्रसाद, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी फर्रुखाबाद
ये भी पढ़ें- Fatehpur News: डिजिटल मिशन से जुड़ेंगे अस्पताल व पैथोलॉजी, मेडिकल रिकार्ड अस्पताल ले जाने से मरीज पाएंगे मुक्ति
