पीलीभीत: मिलावट रोकने के दावे...दो दिन में ले पाए दूध के चार नमूने, ये कैसा अभियान!
पीलीभीत, अमृत विचार। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मंगलवार को अभियान तो चलाया, लेकिन टीम मात्र दो मिश्रित दूध के नमूने ले सकी। नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा। हालांकि दो दिवसीय अभियान औपचारिकताओं में सिमटकर रह गया।
खाद्य एवं पेय पदार्थों में मिलावटखोरी रोकने को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा 18 दिसंबर से दो दिवसीय अभियान चलाया गया। पहले दिन पूरनपुर में टीम द्वारा दो मिश्रित दूध के नमूने लिए गए। इधर मंगलवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में अभियान चलाया गया, मगर टीम मात्र दो दूधियों से ही दूध के नमूने ले सकी। इसमें बीसलपुर में शाहजहांपुर के गांव रामपुर जयचंद्र निवासी मिल्क हॉकर सुनील सिंह और दियोरिया कलां के गांव सौंदा निवासी जितेंद्र सिंह से दूध का नमूना लिया।
टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शांतुन कुमार और तेज बहादुर सिंह शामिल रहे। अभिहित अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि दूध के नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: 6000 की आबादी को पानी संकट से आखिर मिली राहत, बदलवाईं गई मोटरें
