संतकबीरनगर: विधायक के गृह क्षेत्र में ब्लॉक प्रमुख व बीडीओ आमने-सामने, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मेंहदावल/संतकबीरनगर। जनपद के सीबीआई जांच वाले चर्चित सांथा ब्लॉक में इन दिनों ब्लॉक प्रमुख व खंड विकास अधिकारी के बीच के बीच आपसी समन्वय ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। कारण यह है कि बीते दिनों ब्लॉक प्रमुख अरविंद जायसवाल ने ब्लॉक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया था।

ब्लॉक प्रमुख के निरीक्षण में खण्ड विकास अधिकारी समेत सभी कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए थे। जिस पर ब्लॉक प्रमुख ने उपस्थिति पंजिका पर अनुपस्थित कर्मियों पर रेड पेन से चिन्ह लगाकर मामला गर्मा दिया था। अब खंड विकास अधिकारी ने ब्लॉक प्रमुख को पत्र जारी कर किस अधिनियम से ब्लॉक चेक कर रेड पेन चलाने आदि विषयों पर जवाब मांगा है।

खंड विकास अधिकारी द्वारा जारी पत्र सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसको लेकर लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। वैसे तो संतकबीरनगर जनपद का विकास खंड सांथा घोटाले के मामलों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहता है। घोटालों को लेकर वर्षों से यह ब्लॉक सीबीआई टीम की जांच की आंच से वैसे ही झुलस रहा है। अब वर्तमान में यह ब्लाक एक बार फिर ब्लॉक प्रमुख व खंड विकास अधिकारी के बीच बवाल का चश्मदीद बन रहा है।

बीते दिनों ब्लॉक प्रमुख अरविंद जायसवाल ने इस ब्लॉक का औचक निरीक्षण कर मामला चर्चाओं में ला दिया। उन्होंने न केवल उपस्थिति पंजिका पर अनुपस्थित कर्मियों पर रेड पेन चलाया वरन खंड विकास अधिकारी समेत सभी ब्लॉक कर्मियों को अनुपस्थित होने का दावा किया। जिस पर लोग सवाल खड़ा करने लगे कि जब ब्लॉक से सभी कर्मचारी गायब थे तो उनको स्थापना बाबू के बगैर मौजूदगी के उपस्थित पंजिका कैसे मिली। जिस पर लोग सोशल मीडिया पर बहस करते नजर आ रहे थे।

सोशल मीडिया पर खंड विकास अधिकारी के वायरल पत्र में कहा है कि बीते दिनों कार्यालय में लगभग 10:00 बजे कार्यालय के स्थापना उपस्थिति की पंजिका व मनरेगा उपस्थिति पंजिका पर कर्मचारियों को लाल पेन से अनुपस्थित किया गया। कृपया स्पष्ट करें कि आपने किस अधिकार और किस शासनादेश से उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया।

साथ ही यह भी स्पष्ट करें कि यदि स्थापना बाबू ब्लॉक पर अनुपस्थित थे तो आप के द्वारा रजिस्टर कैसे प्राप्त किया गया। खंड विकास अधिकारी का यह पत्र सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। लोगों के बीच चर्चाएं हैं कि खंड विकास अधिकारी व ब्लाक प्रमुख के बीच सबकुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। जिससे जहां विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं तो वहीं आपसी लड़ाई से अधिकारी व कर्मचारी भी पिस रहे हैं। 

विवाद की सारी बातें निराधार, खंड विकास अधिकारी

संतकबीरनगर। इस मामले में खंड विकास अधिकारी विजय सिंह का कहना है कि इस तरह का कोई मामला नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पत्र के जवाब में कुछ भी कहने से मना कर दिया। संवाददाता का फोन काट कर खण्ड विकास अधिकारी इस मामले से पल्ला झाड़ते नजर आए। 

आपसी बातचीत से सुलझ गया है सारा मामला, ब्लॉक प्रमुख

संतकबीरनगर। इस मामले में सांथा के ब्लॉक प्रमुख अरविंद कुमार जायसवाल ने बताया कि बीते दिनों मेरे द्वारा ब्लॉक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया था। जिस पर अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। लेकिन खंड विकास अधिकारी ने क्यों पत्र जारी कर दिया इसका जवाब तो वही दे सकते हैं। फिलहाल इस मामले को लेकर दोनों लोगों ने आमने-सामने बैठकर मामले को सुलझा लिया है।

यह भी पढ़ें:-हरदोई: चार माह बाद कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज, पत्नी ने पति पर लगाया अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का आरोप

संबंधित समाचार