गोंडा: रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने डीआरएम संग किया कटरा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण, मरम्मत कार्यों का लिया जायजा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नवाबगंज/गोंडा। नवाबगंज के कटरा शिवदयालगंज रेलवे स्टेशन पर चल रहे मरम्मत के कार्यों का जायजा लेने के लिए रेलवे बोर्ड अध्यक्ष जया सिन्हा बुधवार की सुबह कटरा पहुंची।‌उन्होने पूर्वोत्तर रेलवे की डीआरएम सौम्या माथुर, रेल प्रबन्धक आदित्य कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा राजीव कुमार, मुख्य परियोजना प्रबंधक गति शक्ति राघवेंद्र कुमार तथा लखनऊ मण्डल के शाखाधिकारियों के साथ स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया और कार्यों को त्वरित गति से पूरा कराए जाने के निर्देश दिए। 

अमृत भारत योजना के अन्तर्गत मनकापुर-अयोध्या रेल खण्ड पर कटरा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का उन्नयन एवं विस्तार का कार्य तेजी से चल रहा है। 8.02 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार, सरकुलेटिंग एरिया का सुन्दरीकरण, पे एण्ड यूज ट्वायलेट, पानी के टंकी का निर्माण, वेटिंग हाल का रिपेयर एवं फिनिशिंग वर्क, बेंचेज लगाने का कार्य, पीने के पानी के वाटर बूथ तथा उचित साइनेजेज बोर्ड लगाने का कार्य एवं प्लेटफार्म शेल्टर का निर्माण किया जा रहा है। अयोध्या धाम में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले स्टेशन के कायाकल्प का लक्ष्य रखा गया है।

निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेने के लिए बुधवार को रेलवे बोर्ड अध्यक्ष जया सिन्हा व पूर्वोत्तर रेलवे की महाप्रबंधक सौम्या माथुर ने गोरखपुर कटरा रेलखंड पर ट्रैक बैलास्ट, ओवरहेड ट्रैक्शन, एलाइनमेंट, ट्रैक फिटिंग, पॉइंट एवं क्रॉसिंग, सिग्नल, कर्व तथा पुलों का निरीक्षण किया।

बोर्ड अध्यक्ष ने यात्री विश्रामगृह में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और जनरेटर रुम, स्टेशन के दोनो प्लेटफार्म, शौचालय व विश्रामगृह की स्थिति देखी और स्टेशन पर स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने निर्माणाधीन कार्यो का निरीक्षण किया और निर्माण की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए संबंधित अफसरों को निर्देशित किया।‌ उन्होने अयोध्या में 22 जनवरी 2024 को होने जा रहे श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले सभी कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया है। 

महाप्रबंधक के साथ पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य इंजीनयर रंजन यादव, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर संजय सिंघल, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबन्धक संजय मिश्र, प्रमुख मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर राजेश कुमार पाण्डेय, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रेलवे सुरक्षा बल तारिक अहमद, मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह, सचिव महाप्रबन्धक आनन्द ऋषि श्रीवास्तव,  लखनऊ मण्डल के मण्डल रेल प्रबन्धक आदित्य कुमार, अपर मण्डल रेल प्रबंधक इंफ्रा राजीव कुमार, मुख्य परियोजना प्रबन्धक गतिशक्ति राघवेन्द्र कुमार तथा वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद वह निजी वाहन से अयोध्या के लिए रवाना हो गयीं।

यह भी पढ़ें: बहराइच: सड़क हादसों में पिकअप चालक समेत दो की मौत, मचा कोहराम

संबंधित समाचार