बाराबंकी: खतरनाक होता जा रहा भिटरिया-हैदरगढ़ मार्ग, यहां गुजरने से डरते हैं दो पहिया वाहन चालक, जानिये वजह?
बनीकोडर, बाराबंकी। भिटरिया-हैदरगढ़ मार्ग धीरे धीरे खतरनाक होता जा रहा है। मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन की वजह से हादसे बढ़ते रहे हैं। भिटरिया हैदरगढ़ मार्ग से मौरंग व गिट्टी लदे वाहनों का आगमन इस समय जोरों पर है। ओवर लोड डंपर के चलने की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं। इतने हादसों के बाद भी स्थानीय प्रशासन नहीं जागा है। सड़क के अगल-बगल पटरिया गायब हो गई हैं। दो पहिया वाहन के चालक इस मार्ग पर चलने से डरते है।

भिटरिया हैदरगढ़ मार्ग पर भारी वाहनों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, किसी भी प्रकार की सुरक्षा के इतंजाम न होने से हादसे हो रहे हैं। सुबह के समय स्कूली बच्चे देवीगज चौराहे से होकर विद्यालय आते जाते है, उसी समय बड़े-बड़े भारी वाहन सरपट दौड़ते हैं। देवीगंज चौराहे पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है। चौराहे के आसपास की सड़क भी काफी क्षतिग्रस्त है। जिस पर भारी वाहनों की सरपट दौड़ से हादसा होने की संभावना बढ़ जा रही है।
देवीगंज चौराहे के आसपास कई निजी व शासकीय विद्यालय हैं। इसी चौराहे से आगे हैदरगढ़ मार्ग पर डॉ. ब्रम्हा बख्श इंटर कालेज, सौरभ शिक्षा सदन, जवाहर लाल नेहरू इंटर कालेज, वहीं सुबेहा रोड पर एस डी एच बी पब्लिक स्कूल, जय माँ अम्बे सहित कई विद्यालय के बच्चों का आवागमन होता है। ऐसी स्थिति में यहां सुरक्षा के इंतजाम न होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिक विमल गुप्ता, दीपांशु सिंह बताते हैं कि देवीगंज चौराहे पर सड़क खस्ताहाल है। पटरी गायब हो गई है और उस पर ओवरलोड वाहनों की वजह से पूर्व में भी कई घटनाएं घट चुकी है। प्रशासन को ऐसे वाहनों पर सुबह व विद्यालय छूटने के समय पर रोक लगानी चाहिए और सुबह व विद्यालयों के छुट्टी होने के समय चौराहे पर पुलिस मौजूद होनी चाहिए।
पिछले कुछ माह में हुए दर्दनाक सड़क हादसे
4 दिसंबर को भानपुर चौराहे के पास महुलारा निवासी दो सगे भाइयों के ऊपर से गिट्टी भरा ट्रक चढ़ जाने की वजह से उनकी दर्दनाक मौत हो गई थी।
केस 2 - 7 सितंबर को सुबेहा थाना के तेजी के पुरवा गांव निवासी 24 वर्षीय अकरम को देवीगंज चौराहे पर एक तेज रफ्तार ट्रक 800 मीटर दूर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे अकरम की दर्दनाक मौत हो गई।
केस 3- अगस्त माह में भीखरपुर गांव के पास एक खड़े ट्रक में पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी,जिसमें सवार एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई और खलासी का हाथ कट गया।जिसमे अन्य सवार बुरी तरह से घायल हो गए।
केस 4- कुछ माह पहले असन्दरा नहर की पुलिया के पास पूरे दुबे निवासी रामफेर द्विवेदी अपनी मोटरसाइकिल असन्दरा की तरफ जा रहे थे। पीछे से आ रही एक ट्रक ने उनको टक्कर मार दी,जिसमें उनके दर्दनाक मौत हो गई लोगों ने बताया कि यह हादसा पटरी उबड-खाबड़ होने की वजह से हुआ।
पिछले 6 महीना में भिटरिया हैदरगढ़ मार्ग पर दर्जनों हादसे हुए जिसमें कई लोगों ने जान गवा दी तो कई घायल हो गए। कई घरों के चिराग बुझ गए।इसके बावजूद शासन प्रशासन के कान में जूं तक नहीं रेंग रही।
यह भी पढ़ें: अमेठी: सफाई के नाम पर करोड़ों खर्च, फिर भी उफान मार रहीं नहरें, गेहूं की 50 बीघा फसल हुई जलमग्न, किसान परेशान
