बदायूं: ओटीएस योजना के तहत वसूला गया 61 करोड़ 98 लाख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मार्च के बाद से नलकूप चालकों का बिल माफ, पिछला करना होगा जमा

बदायूं, अमृत विचार। शासन के निर्देश पर चलाई गयी एकमुश्त समाधान योजना, ओटीएस को तीन चरणों में चलाया गया। इन तीन चरणों में जिले के बिजली बकाएदारों ने भरपूर लाभ उठाया जिससे विभाग को 61 करोड़ 98 लाख की राजस्व वसूली हुयी। अभी दस दिन तक अभियान और चलाया जाएगा। इस साल मार्च के बाद से निजी नलकूप चालकों का बिल माफ कर दिया गया है। मगर मार्च से पहले का भुगतान न करने पर उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

सरकार ने बिजली बिल बकाए को वसूलने के लिए पहली बार एक अनूठा प्रयोग किया। सरकार द्वारा ओटीएस योजना लागू की गयी। एकमुश्त समाधान योजना को तीन चरणों में चलाया गया था। पहला चरण 8 नवम्बर से शुरू हुआ जो 30 नवम्बर तक चला। उसके बाद दूसरा चरण शुरू हुआ जो 15 दिसम्बर तक पूरे जिले में चला।

इसी तरह तीसरा चरण इस समय चल रहा है। जनपद में इस योजना के तहत उन बकाएदारों को भारी छूट दी गयी जिन पर बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। बिजली चोरी में नामजद किए गए लोगों को सरकार ने 65 प्रतिशत की छूट दी थी। कुल राशि में मात्र 35 प्रतिशत ही बिल का भुगतान किया गया। उसके बाद अन्य उपभोक्ताओं को भी बकाया राशि में छूट दी गयी। बिजली विभाग ने अब तक ओटीएस योजना के तहत 61 करोड़ 98 लाख की राजस्व वसूली की है जो विभाग को बहुत बड़ी उपलब्धि है। अब तक इतनी धनराशि एक महीने में जमा नहीं की गयी।

अधिशासी अभियंता प्रथम हरीश कुमार ने बताया कि ओटीएस का लाभ 31 दिसम्बर तक लिया जा सकता है। हालांकि अब ब्याज में छूट कुछ कम कर दी गयी है। फिर भी लोग बिल जमा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शासन स्तर से निजी नलकूप चालकों का बिजली बिल माफ कर दिया गया है।

मगर मार्च से पहले का पूरा बिल जमा करना होगा। यदि पिछला बिल पूरा जमा नहीं किया गया तो उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद में 55 हजार 132 निजी नलकूप हैं जिन पर मार्च से पहले का करीब नौ सौ करोड़ से अधिक का बकाया है।

अधिशासी अभियंता द्वितीय आरएन वर्मा ने बताया कि जन सेवा केंद्रों पर भी उपभोक्ताओं ने बिल जमा किए। साथ ही उनकी जिले में 250 विद्युत सखियां हैं जिन्होने अपनी आईडी से बिल जमा कराए जिससे उन्हे एक प्रतिशत कमीशन मिला है।

विद्युत सखियां बना कर उन्हें रोजगार से जोड़ा गया है। जो जिले भर में काम कर रही हैं। उन्होने बताया कि जो लोग अभी तक इस योजना का लाभ नहीं ले सकते हैं उनके लिए दस दिन का समय शेष है। इस अवधि में बिल जमा करने पर लाभ मिल सकता है। नए साल में इस योजना को चालू रखने का फिलहाल कोई निर्देश नहीं मिला है।

यह भी पढ़ें- बदायूं: आवारा कुत्तों का आतंक, फार्म हाउस में घुसकर 13 बकरियों को बनाया अपना निवाला

संबंधित समाचार