मां शाकुंभरी देवी के दर्शन के साथ कांग्रेस ने शुरू की यूपी जोड़ो यात्रा, जानिए कितने दिन चलेगी यह पदयात्रा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सहारनपुर। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कांग्रेस ने बुधवार को प्रसिद्ध मां मां शाकुंभरी देवी शक्तिपीठ से 18 दिवसीय पदयात्रा की शुरुआत की। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और पूर्व मंत्री सुनील शास्त्री समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता आज सुबह शक्तिपीठ पहुंचे और मां शाकुंभरी देवी की पूजा अर्चना की और काफिले के रूप में सहारनपुर नगर पहुंचे।

प्रमुख नेताओं में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन, कांग्रेस विधायक अराधना मोना मिश्रा, पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप निरवाल, प्रदेश सचिव अशोक सैनी, यूपी जोड़ो यात्रा के मीडिया प्रभारी सीपी राय, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुजफ्फर अली, सहारनपुर नगर अध्यक्ष वरूण शर्मा, पूर्व विधायक इमरान मसूद आदि शामिल रहे।

कांग्रेस के इस अभियान में सहारनपुर के मुस्लिम नेता जो दो साल के भीतर सपा-बसपा से होते हुए वापस कांग्रेस में शामिल हुए हैं, को कोई खास तवज्जो नहीं दी गई है। कांग्रेस के एक प्रांतीय नेता के मुताबिक कांग्रेस पार्टी इमरान मसूद के भरोसे नहीं है। वह भाजपा को छोड़कर सभी दलों में रह चुके हैं। कांग्रेस में उनकी मनमानी नहीं चलेगी।

सहारनपुर नगर में थोड़ी देर के लिए इमरान मसूद कार्यक्रमों में जरूर उपस्थित रहे। दोपहर बाद इमरान मसूद और उनके भाई नौमान मसूद के गृह नगर गंगोह में पदयात्रा निकली जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। पदयात्रा के बाद गंगोह कस्बे में बड़ा जलसा हुआ। इसमें वक्ताओं ने राज्यसभा और लोकसभा के रिकार्ड डेढ़ सौ के करीब सांसदों के निलंबन को संविधान और लोकतंत्र विरोधी बड़ा कदम बताया।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि उनके नेतृत्व में पदयात्रा 18 दिन तक चलेगी और लखनऊ में 12 जनवरी 2024 में जाकर संपन्न होगी। इस यात्रा में कांग्रेस के तीन सौ से भी ज्यादा नेता शामिल रहेंगे। कांग्रेस के महासचिव संगठन अनिल यादव के मुताबिक हर जिले में यह यात्रा एक दिन अवश्य रहेगी और कांग्रेस के स्थापना दिवस 28 दिसंबर को स्थगित रहेगी।

यात्रा का पहला दिन आज गंगोह में शुरू हुआ। मां शाकुंभरी देवी के दर्शन से यात्रा शुरू होकर गंगोह के कुरेशान चौक पहुंची। 21 दिसंबर को यात्रा देवबंद के असगरिया मदरसे से शुरू होकर देवबंद क्षेत्र के मुस्लिम बहुल गांव गोपाली में विश्राम करेगी और 22 दिसंबर को पुरकाजी से शुरू होकर गांव बसेड़ा में रात्रि विश्राम करेगी। 23 दिसंबर को यात्रा बिजनौर में रहेगी। अनिल यादव के मुताबिक यात्रा अपने दसवें दिन में 30 दिसंबर को रामपुर के शाहबाद होती हुई बरेली सीमा में प्रवेश करेगी।

यह भी पढ़ें;-यूपी में महंगी नहीं बल्कि सस्ती होगी शराब, जानिए क्या है योगी सरकार की नई आबकारी नीति का गणित

संबंधित समाचार