बरेली: नहीं हटी परीक्षाएं, एक साथ प्रतिपूरक अवकाश पर बनी बात
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में शिक्षकों का धरना 30 घंटे बाद हुआ समाप्त, कुलपति से मुलाकात कर शिक्षकों ने रखी समस्या
बरेली, अमृत विचार: शीतकालीन और रविवार के अवकाश के दिन स्नातक विषम सेमेस्टर की परीक्षा का शिक्षकों का विरोध करीब 30 घंटे बाद समाप्त हो गया। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. केपी सिंह से मुलाकात के बाद अवकाश के दिन परीक्षा के लिए बाध्य नहीं करने और एक साथ सभी नौ प्रतिकर अवकाश देने पर सहमति बनी। कुलपति ने इस संबंध में आदेश जारी करने का भी आश्वासन दिया है।
स्नातक विषम सेमेस्टर की परीक्षा 15 दिसंबर से चल रही हैं। शासन के सत्र को समय पर पूरा कराने के निर्देश के चलते विश्वविद्यालय ने रविवार और शीतकालीन अवकाश में भी परीक्षा रखी है। कार्यक्रम जारी होने के बाद से रूटा के नेतृत्व में शिक्षक विरोध कर रहे हैं। एक बार प्रदर्शन और कुलपति के आश्वासन के बाद परीक्षा नहीं टलीं तो शिक्षकों ने रविवार को अवकाश के दिन परीक्षा में सहयोग नहीं किया।
मंगलवार दोपहर 12 बजे के बाद शिक्षकों का विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के बाहर प्रदर्शन शुरू हुआ लेकिन शाम तक बात नहीं बनी तो शिक्षक रात में भी धरने पर बैठे रहे। बुधवार शाम को करीब पांच बजे के बाद शिक्षकों से कुलपति मिले। इस दौरान शिक्षकों ने अपनी मांग रखी।
इस पर कुलपति ने कहा कि जो अवकाश के दिन परीक्षा में शामिल नहीं होंगे तो उन्हें बाध्य नहीं किया जाएगा, जो शिक्षक परीक्षा में सहयोग करेंगे, उन्हें एक साथ पूरे नौ दिन का प्रतिपूरक अवकाश दिया जाएगा। इसके लिए प्राचार्यों को भी निर्देश दिए जाएंगे। प्रति पूरक दो दिन से अधिक नहीं होता है, इसलिए अन्य की श्रेणी में रखा जाएगा। शाम करीब छह बजे शिक्षकों ने मांगे माने जाने के बाद धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान प्रो. स्वदेश सिंह, प्रो. वीपी सिंह समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
शिक्षकों को चाटुकार कहने की पोस्ट वायरल: प्रदर्शन में बरेली कॉलेज शिक्षक संघ के पदाधिकारी भी शामिल हुए। शिक्षक संघ के एक पदाधिकारी ने कॉलेज के शिक्षकों के व्हाट्सएप ग्रुप पर प्रदर्शन में शामिल होने वाले शिक्षकों का धन्यवाद किया और लिखा कि कुछ चाटुकारों ने अपने नंबर बढ़ाने के लिए नए शिक्षकों को परीक्षा में सहयोग के लिए फोन कर बाध्य किया। संघ इसकी निंदा करता है। इस पर एक शिक्षक ने चाटुकारों के नाम पूछकर पदाधिकारी को भाषा की मर्यादा की नसीहत दी। इसकी चैट वायरल हो गई है।
एक बार फिर संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी: विश्वविद्यालय ने स्नातक विषम सेमेस्टर का बुधवार को एक बार फिर संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी किया। इसमें 4, 9 और 10 जनवरी को होने वाली परीक्षा में कुछ संशोधन किया है।
ये भी पढ़ें - बरेली: सांसद की फेसबुक आईडी हैक कर ट्रांसफर और पोस्टिंग के लिए मांगे रुपये
