प्रतापगढ़: पुलिस ने खुले आसमान के नीचे जमीन पर रख दिया मजदूर का शव, रोती पत्नी को देखकर भी नहीं पसीजा दिल! 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लालगंज, प्रतापगढ़। यूं तो बहुत सारी घटनाओं में पुलिस हमदर्द बनकर सामने आई है। लेकिन प्रतापगढ़ की लालगंज पुलिस की करतूत इससे इतर है। आमतौर पर फटकार पर केस दर्ज करने और आपराधिक घटनाओं के खुलासे से जूझ रही लालगंज पुलिस की अमानवीय करतूत सामने आयी है। हादसे में घायल मजदूर को अस्पताल में मृत घोषित करने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिये भेजने के लिये वाहन के इंतजार में खुले आसमान के नीचे घंटे भर जमीन रख दिया। कड़ाके की ठंड में रात में मृतक की पत्नी शव से लिपटकर बेसुध पड़ी रही।

इतना कुछ होने के बाद भी कोतवाली में आराम फरमा रहे प्रभारी निरीक्षक मौके पर नहीं पहुंच सके। यह देखकर भी पुलिस का दिल नहीं पसीजा और वाहन आने तक शव खुले आसमान में लावारिस की तरह पड़ा रहा। यही नहीं ट्रामा सेंटर के कर्मचारियों ने भी शव को अंदर रखना मुनासिब नहीं समझा।

लालगंज कोतवाली के सराय जगत डिहवा निवासी पचपन वर्षीय श्रीराम पाल मजदूरी कर परिवार का भरणपोषण करता था। मंंगलवार की रात नौ बजे रिश्तेदारी से साइकिल से वापस लौटते समय लालगंज कोतवाली के समीप बेकाबू कार की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे ट्रामा सेंंटर ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजने के लिये परिसर में बाहर खुले आसमान के नीचे लाकर रख दिया। घंटे भर शव अस्पताल परिसर में कड़ाके की ठंड पर पड़ा रहा। खुले आसमान के नीचे मृतक की पत्नी बड़का देवी शव से लिपटकर बेसुध पड़ी रही। सवा दस बजे पुलिस किसी तरह वाहन ले आई तो जमीन में रखा शव पीएम के लिये जिला अस्पताल भेजवाया। इस बीच घंटे भर मजदूर का शव जमीन पर पर खुले आसमान के नीचे पड़ा रहा।

मजदूर की पत्नी शव से लिपटकर ठंड में बेसुध पड़ी रही। यह दृश्य देखकर भी न तो कोतवाली में मौजूद प्रभारी निरीक्षक अवन कुमार दीक्षित पहुंचे और न ही यहां मौजूद पुलिस कर्मियों का दिल पसीज सका। संवेदनहीन बनी पुलिस ने न तो शव को स्ट्रेचर पर रखा और न ही सरकारी वाहन पर रखने की जरूरत समझी। सोशल मीडिया पर लावारिस हालत में जमीन पर पड़े शव की फोटो वायरल देख लोग लालगंज पुलिस को ट्रोल कर रहे हैं। खास बात यह रही कि पुलिस के अलावा ट्रामा सेंटर के कर्मचारियों ने भी शव को बाहर कर दिया।

यह भी पढ़ें: पीड़ितों की सहायता में लापरवाही हुई तो किसी को नहीं बख्शेंगे: योगी

संबंधित समाचार