मुरादाबाद : पुलिस पेंशनर्स में उपाध्यक्ष पद के चुनाव में वोटिंग शुरू, मतदाताओं की जुटी भीड़
पुलिस लाइन में यूपी पुलिस पेंशनर्स संगठन के उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए वोटर लिस्ट में अपना नाम देखते मतदाता
मुरादाबाद । यूपी पुलिस पेंशनर्स कल्याण संस्था की जिला इकाई में उपाध्यक्ष के रिक्त पद पर चुनाव के लिए पुलिस लाइन में बुजुर्ग पेंशनरों की भीड़ जुटी है। काफी संख्या में मतदाता मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पुलिस लाइन पहुंचे हैं। मतदान को लेकर बुजुर्ग पेंशनरों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। चुनाव अधिकारी सीओ शैलजा मिश्रा एवं निरीक्षक लखपत सिंह ने बताया कि उपाध्यक्ष के एक पद के लिए तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। इनमें करण सिंह सैनी, मूला सिंह और दिनेश सिंह यादव उम्मीदवार हैं। इस चुनाव में कुल 946 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
पेंशनर्स कल्याण संस्था के जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह ने बताया कि उपाध्यक्ष रहे ऋषिपाल सिंह यादव ने तीन महीने पहले पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से उपाध्यक्ष का पद रिक्त हो गया था। इसी रिक्त पद के लिए निर्वाचन कराया जा रहा है। जिला अध्यक्ष ने बताया कि वैसे तो कार्यकारिणी का चुनाव प्रत्येक 3 वर्ष पर होता है लेकिन, ऋषिपाल सिंह यादव के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद इस पद के लिए 2 साल के अंतराल में ही चुनाव करना पड़ रहा है।
अध्यक्ष ने बताया कि संगठन की कार्य समिति में करतार सिंह महासचिव हैं और मोहन दास, जयपाल सिंह एवं करन सिंह सैनी वर्तमान में सचिव पद के दायित्व को संभाल रहे हैं। चूंकि, करन सिंह सैनी उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में है इसलिए उनके निर्वाचन के बाद यदि वह उपाध्यक्ष पद पर चुनाव जीत लेते हैं तो सचिव का पद रिक्त हो जाएगा। चुनाव प्रभारी ने बताया कि उपाध्यक्ष पद के लिए वोटिंग कराई जा रही है। मतदान के बाद प्रणाम की घोषणा की जाएगी।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : डीआईजी मुनिराज जी ने कहा- अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी में पुलिस
