'परीक्षा पे चर्चा' पर पीएम मोदी से जुड़ने का मौका, जल्दी करें आवेदन
छात्र-छात्राओं के लिए आवेदन कर पीएम मोदी से जुड़ने का मौका
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। यूपी बोर्ड व सीबीएसई बोर्ड की प्रस्तावित आगामी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों व अभिभावकों के साथ परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम होना है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा परीक्षार्थियों को सफलता के मंत्र बताए जाएंगे। इस कार्यक्रम में जिले के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों व अभिभावकों को भी प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। इसके लिए इच्छुक छात्र-छात्राएं आदि को पोर्टल पर 12 जनवरी 2024 तक ऑनलाइन आवेदन करना है, जहां पर आनलाइन बहुविकल्पीय प्रश्न प्रतियोगिता में सफल होने वालों को परीक्षा पे चर्चा में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा पे चर्चा के सातवें संस्करण का कार्यक्रम जनवरी-फरवरी 2024 में नई दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इसमें कक्षा छह से 12 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों व शिक्षकों द्वारा प्रतिभाग किया जाना है।
परीक्षा पे चर्चा में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पंजीकृत करने व उनके चयन के लिए 12 जनवरी 2024 तक पोर्टल इनोवेट इंडिया डॉट माईजीओवी डॉट इन हाइफन पीपीसी डैश 2024 पर एक आनलाइन बहुविकल्पीय प्रश्न प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विद्यालयों को अपने स्वयं के पोस्टर, वीडियो बनाकर विद्यार्थियों को परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं। ब्लॉकों के समस्त नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि 22 दिसंबर 2023 को सभी माध्यमिक स्तर के विद्यालयों में बैठक करके परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों व अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित कराएं।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: नवीन ब्लैक स्पॉट गुदरिया बाबा मंदिर पर समुचित स्थाई उपाय कराने की तैयारी
