लखीमपुर-खीरी: नवीन ब्लैक स्पॉट गुदरिया बाबा मंदिर पर समुचित स्थाई उपाय कराने की तैयारी
आईआईटी दिल्ली की टीम ने नवीन ब्लैक स्पॉट का किया निरीक्षण, स्थाई समाधान के लिए जल्द सौपेंगी रिपोर्ट
फोटो- राज्यमार्ग 101 पर लुधौरी गांव के पास ब्लैक स्पॉट पर कराया गया स्पीड टेबल व क्रास बैरियर का कार्य।
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। पीडब्ल्यूडी विभाग ने जनपद में सड़क हादसों की रोकथाम के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर स्थाई सुधारात्मक कार्य कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं, जिससे उम्मीद है कि कुछ महीने में सभी ब्लैक स्पॉट को समाप्त किया जा सकता है।
इस कड़ी में राज्यमार्ग 101 सिसैया-धौरहरा-निघासन-पलिया-धनौरा घाट-पूरनपुर मार्ग के पलिया-संपूर्णानगर मार्ग पर स्थित गुदरिया बाबा मंदिर के पास चिन्हित नवीन ब्लैक स्पॉट पर तकनीकी रूप से समुचित स्थाई सुधार कार्य कराने के तैयारी तेज कर दी है।
अभी पीडब्ल्यूडी द्वारा अस्थाई सुधार कार्य कराते हुए चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं और मार्ग पर अस्थाई सुधार के लिए स्टीमेट बनाकर पीडब्ल्यूडी मुख्यालय को भेजा गया है। साथ ही समुचित स्थाई सुधार कार्य के लिए आईआईटी दिल्ली के ट्रांसपोर्टेशन रिसर्च एंड इंजरी प्रिवेंशन सेंटर (टीआरआईपीसी) की प्रोफेसर गीतम तिवारी के नेतृत्व में टीम नवीन ब्लैक स्पॉट का स्थलीय निरीक्षण किया है। उनके द्वारा रिपोर्ट एवं संस्तुति मिलने पर इस ब्लैक स्पॉट पर स्थाई सुधार कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
जनपद में वर्ष 2016 से 2023 तक कुल 78 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए, जिसमें से 44 ब्लैक स्पॉट पुनरावृत्ति वाले हैं। इस प्रकार शुद्ध रूप से कुल 33 ब्लैक स्पॉट चिन्हित थे, जिसमें से राज्यमार्ग 101 सिसैया-धौरहरा-निघासन-पलिया-धनौरा घाट-पूरनपुर मार्ग के पलिया-संपूर्णानगर मार्ग पर स्थित गुदरिया बाबा मंदिर के पास चिन्हित नवीन ब्लैक स्पॉट इसी वर्ष 2023 में चिन्हित हुआ है।
क्योंकि इस स्थान पर कई सालों से अनवरत दर्जनों सड़क हादसे हो चुके हैं, जिस कारण इस ब्लैक स्पॉट पर स्थाई सुधार कार्य कराने के लिए आईआईटी दिल्ली के ट्रांसपोर्टेशन रिसर्च एंड इंजरी प्रिवेंशन सेंटर (टीआरआईपीसी) की भी मदद ली जा रही है। ताकि समुचित तरीके से गुणवत्तापरक स्थाई सुधार कार्य कराया जा सके।
जिला सड़क सुरक्षा समिति के नोडल अधिकारी एक्सईएन अनिल कुमार यादव ने बताया है कि 33 ब्लैक स्पॉट में से एक ब्लैक स्पॉट नौगवां-मझगई रपटे के स्थान पर बॉक्स कल्वर्ट (पुलिया) का निर्माण कार्य प्रगति पर है। निर्माण पूरा होने पर यह ब्लैक स्पॉट समाप्त हो जाएगा। शेष 31 ब्लैक स्पॉट में से 26 पर अस्थाई सुधार कार्य कराए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि पांच ब्लैक स्पॉट पर अस्थाई सुधार की जरूरत थी, जिसमें से चार ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य पूर्ण करा दिया गया है। एक ब्लैक स्पॉट जो संपूर्णानगर-पलिया मार्ग पर गोल्डन फ्लावर के नाम से चिन्हित है, उस पर कार्य प्रगति पर है और वन विभाग के समन्वय से शीघ्रता से कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा।
पलिया-संपूर्णानगर मार्ग पर गुदरिया बाबा मंदिर के पास चिन्हित नवीन ब्लैक स्पॉट पर अस्थाई समाधान करते हुए चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं। अधिकांश चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर अस्थाई व स्थाई सुधारात्मक कार्य करा दिए गए हैं। वर्तमान में दो ब्लैक स्पॉट पर स्थाई सुधार के कार्य प्रगति पर हैं, जिनके पूर्ण होने पर सिर्फ एक ब्लैक स्पॉट गुदरिया बाबा मंदिर के पास स्थाई सुधार कार्य कराना शेष रहेगा। इस पर भी आईआईटी दिल्ली की टीम द्वारा रिपोर्ट व संस्तुति प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे जनपद में होने वाले सड़क हादसों में निश्चित ही कमी आएगी---अनिल कुमार यादव, एक्सईएन व नोडल अधिकारी जिला सड़क सुरक्षा समिति।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: तख्ती डालकर थाने पहुंचा हिस्ट्रीशीटर, लिखा- योगी बाबा मेरी मदद करें
