गोंडा: रंजिश में अज्ञात लोगों ने युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा। पुरानी रंजिश को लेकर बृहस्पतिवार की देर रात एक युवक को गोली मार दी गई। युवक घायल हालत में सोनी गुमटी रेलवे क्रॉसिंग के पास कार में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। युवक को लखनऊ के चंदन हास्पिटल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 

कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बिशुनपुर बैरिया गांव का रहने वाला अमर पाल सिंह उर्फ नील ठाकुर (32) बृहस्पतिवार को अपनी कार से मुख्यालय गया था। देर रात वह अपने घर वापस लौट रहा था। सोनी गुमटी के पास अज्ञात लोगों ने उसे गोली मार दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो नील ठाकुर घायल अवस्था में‌ अपनी कार के पास नीचे पड़ा था। नील के चेहरे पर चोट के निशान थे। गोली कमर के नीचे लगी है।

घायल नील ने पुलिस को बताया कि पहले उसके साथ मारपीट की गयी और फिर गोली मार दी गयी। पुलिस ने नील को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर बताते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक घायल नील को लखनऊ के चंदन हास्पिटल मे भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। इस संबंध में अभी पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। माना जा रहा कि पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है‌। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है‌।

यह भी पढ़ें: यूपी के 97 आईएएस अफसर आज होंगे प्रमोट, 1999 से लेकर 2008 तक बैच के अफसर प्रमोशन सूची में शामिल

संबंधित समाचार