रामपुर: आत्महत्या के लिए उकसाने वाली पत्नी गिरफ्तार, परेशान होने पर युवक ने खाया था जहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर/शाहबाद, अमृत विचार। आत्महत्या के लिए पति को उकसाने वाली पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।  मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव रम्पुरा से जुड़ा है। गांव निवासी प्रेम सिंह की बेटी कमलेश की शादी दो वर्ष पूर्व जनपद मुरादाबाद के थाना कटघर क्षेत्र के मोहल्ला श्याम कॉलोनी निवासी सौदान के बेटे नेकपाल (24) से हुई थी। बताया गया कि शादी के बाद से पति-पत्नी में अनबन होने लगी थी।  जिसके चलते बार-बार पत्नी मायके जाने लगी। 

परिजनों के मुताबिक 16  नवंबर नेकपाल अपनी पत्नी कमलेश को लेने के लिए अपनी ससुराल रम्पुरा आया था। देर शाम करीब पांच बजे नेकपाल की मां राजेश ने नेकपाल को फोन किया, तो उसने बताया था कि उसके ससुराल के लोग नेकपाल से पचास हजार रुपये मांग रहे हैं। उसने बताया कि वह अपनी पत्नी और ससुराल के लोगों से परेशान हो चुका है।

जिसके बाद उसने जहर का सेवन कर लिया था। जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में नेकपाल के पिता सौदान सिंह ने पत्नी कमलेश, सास भूरी, ससुर प्रेम सिंह, साले महेंद्र और कृष्णपाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस मृतक के साले महेंद्र को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी पत्नी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

ये भी पढ़ें:- रामपुर: किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने में आरोपी को दस साल की कैद

संबंधित समाचार