शाहजहांपुर: सांसदों के निलंबन के विरोध में कांग्रेस और सपा ने किया धरना-प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। सांसदों के निलंबन के विरोध में कांग्रेस और सपा ने अलग अलग विरोध प्रदर्शन किए। कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट की ओर रवाना हुए। कलेक्ट्रेट गेट पर पुलिस का घेरा देख गेट पर ही कांग्रेसी धरने पर बैठ गए तो वहीं सपाइयों ने खिरनीबाग में धरना प्रदर्शन किया। बाद में मौके पर पहुंचे मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सपाइयों ने भाजपा सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की।

WhatsApp Image 2023-12-22 at 6.42.51 PM (1)

जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा देश की संसद से इंडिया गठबंधन के 142 सांसदों के निलंबन के विरोध में प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता व महानगर अध्यक्ष पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से कलक्ट्रेट तक पैदल मार्च कर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट गेट के पास पहुंचे। गेट के बाहर पहले से ही तैनात पुलिस बल ने कांग्रेसियों को रोक लिया और कोशिश करने के बाद भी कलक्ट्रेट में नहीं घुसने दिया। जिस पर कांग्रेसी कलक्ट्रेट गेट पर ही धरने पर बैठ गए।

इस दौरान जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने कहा कि संसद भवन में हुई सुरक्षा चूक को लेकर प्रश्न पूछने पर सांसदों को निलंबित करना लोकतंत्र की हत्या करना है। भाजपा सरकार उनकी आवाज को दबा रही है। इस मौके पर प्रदेश सचिव तनवीर सफदर, महेंद्रपाल कठेरिया, अर्चना वाल्मीकि, गौरव त्रिपाठी, संजीव पासी, गायत्री प्रकाश अवस्थी, मोहिनी सागर, अदीब अहमद आदि कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

उधर, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर जिलाध्यक्ष तनवीर खां के नेतृत्व में खिरनीबाग मैदान में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर धरना एवं विरोध प्रदर्शन किया गया। पश्चात सांसदों की निलंबन की बहाली मांग को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट दुर्गेश यादव को सौपा।

इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि शीतकालीन सत्र में 146 सांसदों को अलोकतांत्रिक ढंग से निलंबित करना लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाना है। संसदीय इतिहास में इतनी बड़ी संख्या में पहली बार विपक्षी सांसदों का निलंबित किया गया है। लोकतंत्र को तार-तार कर सदन की मर्यादा समाप्त करने जैसा कार्य है।

कहा कि समाजवादी पार्टी ने मांग की है कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए बिना शर्त सांसदों का निलंबन समाप्त किया जाए और तत्काल निलंबित सांसदों को बहाल किया जाए। इस मौके पर पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा, पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा, रणंजय सिंह यादव, उपेंद्र पाल सिंह, अनवर उल्ला खान, सैयद रिजवान अहमद, विजय सिंह, राजेश कश्यप, चौधरी रामकुमार भोजवाल, नसीम खान, संजीव वर्मा, गायत्री वर्मा मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर सेंट्रल बार एसोसिएशन का चुनाव जारी, दोपहर तक पड़े 800 वोट

संबंधित समाचार