पीलीभीत: पिता की बुआ के पास से चोरी हुई तीन दिन की बच्ची बरामद, पुलिस पूछताछ में जुटी
पीलीभीत/ बीसलपुर, अमृत विचार: माता-पिता के साथ मच्छरदानी के भीतर सो रही तीन दिन की बच्ची 15 किमी दूर पटनिया गांव से बरामद हो गई। बच्ची किसी और के नहीं पिता की बुआ के पास थी। पुलिस ने बुआ समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। जिनसे टीमें पूछताछ में जुट गई है। फिलहाल बच्ची के सकुशल मिलने के बाद परिजन और पुलिस ने राहत महसूस की है।
घटना कोतवाली बीसलपुर क्षेत्र के गांव गोबल पतिपुरा में हुई थी। कोतवाली बीसलपुर क्षेत्र के गांव गोबल पतिपुरा के रहने वाले अजय कुमार पुत्र रामस्वरूप ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि चार दिन पहले सरकारी अस्पताल में पत्नी निशा ने एक बेटी को जन्म दिया था। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को लेकर परिवार वाले घर आ गए थे।
बुधवार रात को खाना खाने के बाद वह पत्नी और बच्ची के साथ बरामदे में चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सो गए। कुछ ही दूरी पर उनकी मां विमला देवी दूसरी चारपाई पर सो रही थीं। देर रात 12 बजे के बाद उन्हें कुछ आहट सुनाई दी। जब जागकर देखा तो बच्ची चारपाई से गायब थी। उसे कोई चोरी करके ले गया था। बच्ची के चोरी होने की घटना सामने आने पर पुलिस अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन में जुट गई थी।
करीबियों पर भी पुलिस लगातार निगाह बनाए हुए थी। शुक्रवार दोपहर बाद पुलिस को चोरी की गई बच्ची से जुड़ी सूचना मिली। इस पर टीम ने आनन-फानन में गोबल पतिपुरा से पंद्रह किमी दूर स्थित पटिनया गांव के एक मकान में दबिश दी। यहां से बच्ची को बरामद कर लिया गया।
बच्ची पिता की बुआ नन्ही देवी के पास थी। कुछ अन्य लोग भी मकान में मौजूद थे।जानकारी करने पर पता चला कि बुआ ही बच्ची को लाई थी। ऐसे में पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया और कोतवाली आ गई। यहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बुआ के बयान के बाद दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। उनसे भी पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी घटना को लेकर पूरी तरह से पुलिस स्थिति स्पष्ट नहीं कर सकी है।
बच्ची के मिलने की सूचना पाकर परिवार वाले भी कोतवाली आ गए। बच्ची को सकुशल देख राहत महसूस की। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि बच्ची बरामद कर ली गई है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ चल रही है, जल्द खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: कॉलोनी की सड़क के लिए नलकूप से बिना अनुमति ले जा रहे थे पानी, नगर पालिका टीम ने पकड़ा
