कासगंज: मेड़ के विवाद में वृद्ध को गोली मारकर किया घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कासगंज, अमृत विचार। थाना सिकंदपुर वैश्य के गांव नगला टिकुरी में मेड़ विवाद को लेकर घर में घुसकर नामजदों ने वृद्ध को गोली मारकर घायल कर दिया। सूचना पर  पहुंची पुलिस ने घायल को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से उसे बदायूं और फिर कासगंज के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर सीओ ने मौके का निरीक्षण किया है। नामजदों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी गई है।

नगला टिकुरी निवासी 60 वर्षीय बाबूराम पुत्र परमेश्वरी शुक्रवार की सुबह अपने घर पर बैठे हुए थे। तभी गांव के रामनिवास, किताब सिंह, असलाह लेकर घर में घुस आये और मेड़ के विवाद को लेकर गाली गलौज करने लगे। जब बाबूराम ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने जान से मारने की नियत से तमंचे फायर कर दिया।

गोली बाबूराम के कंधे में जा लगी। जिससे वह घायल हो गए।  घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और जानकारी उच्च अधिाकरियों को दी। जानकारी मिलते ही पटियाली के सीओ विजय राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। घटना के संबंध में लोगों से भी पूछताछ की है। नजदीकी सेंटर होने के कारण स्वास्थ्य केंद्र से घायल को बदायूं के जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन बदायूं चिकित्सालय से उसे कासगंज रेफर कर दिया गया। कासगंज जिला अस्पताल में घायल का उपचार किया गया। हालत गंभीर होने के कारण हायर सेंटर रेफर किया है।

मेड़ के विवाद के चलते वृद्ध को घर में घुसकर गोली मारकर घायल किया गया है। तहरीर प्राप्त हो गई है। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी होगी--- विजय राणा, सीओ पटियाली।

यह भी पढ़ें- कासगंज: ...तो अब नहीं बनेगा ग्रीनफील्ड कॉरिडोर, डीपीआर होगा निरस्त 

संबंधित समाचार