मुरादाबाद मंडल दौर पर सीएम योगी, किसान महासम्मेलन के मंच से जाटलैंड को साधेंगे

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

राजनीति : बिलारी में जाट महासभा के कार्यक्रम को संबोधित करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बिलारी दौरे (किसान महासम्मेलन) के राजनीतिक निहितार्थ भी हैं। जाट महासभा के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आज पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। लोकसभा चुनाव से पहले मंडल में मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को चुनाव का शंखनाद माना जा रहा है। इसके माध्यम से उनकी नजर जाटलैंड को साधने  पर रहेगी। 

अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री के इस दौरा का मंडल की राजनीति पर असर होगा। राजनीति के जानकार कार्यक्रम को भाजपा की बड़ी योजना का लॉचिंग मंच मान रहे हैं। मंडल की लोकसभा सीटों के परिदृष्य पर नजर डालें तो उपचुनाव में रामपुर सीट पर भाजपा का कमल खिल पाया है। 2019 के आम चुनाव में मुरादाबाद, रामपुर, संभल, अमरोहा, बिजनौर और नगीना सीट पर (तब के सपा- बसपा- रालोद) गठबंधन के सदस्य जीते थे। बाद में रामपुर सीट पर भाजपा का कमल खिला। तीन कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार और किसान संगठनों की लंबी लड़ाई के बाद यहां जाटलैंड (पश्चिमी यूपी) असंतुष्ट रहा। 2022 के विधानसभा चुनाव में 27 विधानसभा सीटों में 11 पर भाजपा के उम्मीदवार जीते। अब लोकसभा चुनाव का लक्ष्य पार्टी और मुख्यमंत्री के लिए अहम है। इसके लिए सीएम योगी कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।

आयोजन में सभी का करेंगे स्वागत : लक्ष्मी
मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने अनौपचारिक बातचीत में कहा कि 2019 में पार्टी मंडल की छह लोकसभा सीटें हार गई थीं। पश्चिमी यूपी के जाट और किसान मतदाताओं को साधने के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और सभी जुटे हैं। इस बार हम सभी सीटों पर कमल खिलाएंगे। उन्होंने कहा कि बिलारी के कार्यक्रम में रालोद के नेता जयंत चौधरी या कोई अन्य भी आए तो दिक्कत नहीं है।  नहीं आएंगे जयंत: बिलारी किसान महासम्मेलन में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और चौधरी चरण सिंह के प्रपौत्र जयंत चौधरी के शामिल होने के सवाल पर उनके निजी सहायक वीर मलिक ने कहा, वहां जाने का सवाल ही नहीं है। 

सम्मेलन से भाकियू का मतलब नहीं
भाकियू (टिकैट) के प्रदेश सचिव डॉ. नौ सिंह ने कहा कि बिलारी के सम्मेलन से हमारे संगठन का कुछ लेना-देना नहीं है। हम अराजनैतिक लोग हैं और दिल्ली रोड स्थिति चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने हवन कर उनके प्रति अपना भाव प्रदर्शित करेंगे। राष्ट्रीय लोक दल के जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी कहते हैं कि सरकार से हमारा विरोध है।

यह आयोजन जाट महासभा का
आयोजन जाटमहासभा का है। हमारे संगठन के लोग वहां नहीं जाएंगे। भारतीय किसान यूनियन असली के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह ने कहा कि बिलारी में गन्ना समिति कार्यालय परिसर में हमारे संगठन का कार्यक्रम पहले से तय है। वहां किसान अपने नेता (चौधरी साहब) की प्रतिमा पर फूल अर्पित करेंगे। हम शनिवार को बिलारी से बाहर हैं।

ये भी पढ़ें : इधर भी तो नजर डालिए सीएम सर...! रामपुर वालों का वादा निभाने का समय है

संबंधित समाचार