बाराबंकी में एकतरफा वोटिंग वाले बूथों पर आयोग रखेगा पैनी नजर
2615 बूथों में से 230 बूथ क्रिटिकल श्रेणी में किए गए हैं चिन्हित
रीतेश श्रीवास्तव,बाराबंकी, अमृत विचार। लड़ाई झगड़ा वाले बूथ तो संवेदनशील रहेंगे ही, उन बूथों को भी क्रिटिकल श्रेणी में रखा जाएगा, जिन पर पिछले चुनाव में किसी एक प्रत्याशी के पक्ष में 75 फीसद या उससे अधिक वोटिंग हुई थी। इन पर पैनी नजर रखने की रणनीति बनाई गई है। एकतरफा वोटिंग वाले बूथों का सर्वे के जरिए चिह्नीकरण कर लिया गया है। जिले में एेसे 230 बूथ चिन्हित किए गए हैं। इन पर चुनाव आयोग की पैनी नजर रहेगी।
शत प्रतिशत वोटिंग कराने की कवायद में जुटे भारत निर्वाचन आयोग ने उन बूथों पर पैनी नजर रखने की तैयारी की है, जिन पर बेशक मतदान प्रतिशत बेहतर रहा हो, पर ज्यादा वोट किसी एक प्रत्याशी के पक्ष में ही पड़े हों। उन बूथों पर भी नजर रखी जाएगी, जहां आसपास के बूथों पर मतदान प्रतिशत बेहद कम रहा हो और बीच के बूथों पर ज्यादा वोटिंग हुई हो। जिले में फिलहाल 1702 मतदान केंद्रों पर 2615 बूथ हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव और 2022 के विधानसभा चुनाव को आधार बनाकर इकतरफा वोटिंग वाले बूथों का आंकलन किया गया है। और इसके आधार पर विधानसभा स्तर पर ऐसे बूथों का चिह्नीकरण कराया गया है। जहां पिछले चुनाव में जिन बूथों पर लड़ाई झगड़ा हुआ है या अन्य किसी प्रकार से गड़बड़ी होने की शिकायत रही है, वह बूथ तो क्रिटिकल श्रेणी में रखे ही गए हैं साथ ही एकतरफा वोटिंग वाले बूथों को भी इसी श्रेणी में रखा गया है। चिन्हिकरण का कार्य सेक्टर मजिस्ट्रेटों, जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस विभाग से ली गईं जानकारियां के आधार पर किया गया है। लोकसभा चुनाव में वैसे तो हर बूथ पर कड़ी निगरानी होगी, लेकिन क्रिटिकल श्रेणी के बूथों पर खास नजर रखी जाएगी और अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।
विधानसभा बूथों की संख्या क्रिटिकल बूथ की सं.
266--कुर्सी 461 41
267--रामनगर 407 41
268--बाराबंकी 437 38
269 --जैदपुर 447 38
270--दरियाबाद 458 34
271--रुदौली आं. 19 0
272--हैदरगढ़ 386 38
-----------------------------------------
याेग--2615 -- 230
वल्नरेबल बूथों भी होंगे चिन्हित
क्रिटिकल बूथों के चिन्हांकन के बाद अब वल्नरेबल बूथों के चिन्हांकन का काम शुरु हो गया है। जिला निर्वाचन मजिस्ट्रेट के निर्देश पर सभी तहसीलों के एसडीएम से इस संबंध में सूचना मांगी गई है। साथ ही वल्नरेबल बूथों को लेकर प्रशासन निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश का इंतजार कर रहा है। सभी एसडीएम एक प्रारुप पर इसकी रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं।
50 हजार से अधिक बढ़े नए मतदाता
मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य अब लगभग अंतिम दौर में चल रहा है। 05 जनवरी 2024 को लाेकसभा चुनाव को लेकर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इस बीच अब तक 50 हजार से अधिक युवाओं के नाम फार्म-6 के माध्यम से सूची में जोड़ने की कार्रवाई चल रही है। सभी तहसीलों में कंप्यूटर ऑपरेटर दिन-रात फार्म छह, सात, आठ और आठ क की फीडि़ग निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर करने में लगे हैं।
वर्जन-
लोकसभा चुनाव को लेकर आयोग के निर्देश पर 230 बूथाें का चिन्हांकन क्रिटिकल के रुप में किया गया है। वल्नरेबल बूथों पर काम चल रहा है। मतदाता सूची को लेकर प्राप्त हुए फार्म की फीडि़ग भी कराई जा रही है।
सुनील पांडेय, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी।
ये भी पढ़ें -कानपुर : आयरन स्टोर से लाखों की चोरी, जांच में जुटी पुलिस
