प्रयागराज: कमरे में विवाहिता का रेता गला, हालत गंभीर, हड़कंप

Amrit Vichar Network
Published By Sachin Sharma
On

नैनी, प्रयागराज। कोतवाली नैनी के महेवा मोहल्ले में एक विवाहिता का गला शनिवार दोपहर रेत दिया गया। इससे वह लहुलुहान हो गई। सूचना पाकर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में उसे सीएचसी चाका ले जाया गया। वहां उसका प्राथमिक उपचार कर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के पीछे पति का हाथ होना माना जा रहा है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस के पास कोई तहरीर नहीं दी गई थी। 

महेवा निवासी बबलू निषाद की पुत्री खुशी निषाद ने अपने ननिहाल के पास बसवार निवासी सुभाष उर्फ छोटू से चार वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। लगभग एक वर्ष से उनके बीच किसी बात को लेकर अनबन था। इसके चलते खुशी लगभग नौ माह से अपने मायके में ही रह रही थी। परिजनों ने दोनों पक्षों को समझाकर साथ रहने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके।

पिछले कई दिनों से पति भी यहीं रह रहा था। शनिवार दोपहर खुशी का गला धारदार हथियार से रेत दिया गया। घटना के बाद से पति भी गायब बताया जा रहा है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई तो वह तत्काल मौके पर पहुंची और खुशी को सीएचसी ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एसआरएन रेफर कर दिया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि अभी तक थाने में कोई तहरीर नहीं आई है। परिजन युवती का इलाज करा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: इटावा: जम्मू कश्मीर पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त होकर पुल पर पलटी, गाड़ी में सवार थे तीन कैदी व दस जवान, हड़कंप

संबंधित समाचार