कासगंज: गन्ना किसानों के लिए बढ़ी सहूलियत, अतिरिक्त सट्टा किया गया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कासगंज, अमृत विचार। गन्ना किसानों के हित में नित नए प्रयास हो रहे है। सरकार ने किसानों के पास उनके निर्धारित सट्टे से अतिरिक्त गन्ना उत्पादन की सुगम एवं सामान्य आपूर्ति के लिए किसानों द्वारा की गई मांग के दृष्टिगत चीनी मिल ने अतिरिक्त गन्ने की सट्टे की सुविधा बढ़ा दी है। यह सट्टा ऑनलाइन किया जा रहा है।

गन्ना किसानों का हित सरकार के एजेंडे में सर्वोपरि है। विभाग द्वारा चीनी मिलों के गन्ने की आवश्यकता की पूर्ति एवं किसानों के बेसिक कोटा में वृद्धि किए जाने के दृष्टिगत कृषक हित में अतिरिक्त सट्टे की सुविधा के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। अतिरिक्त सट्टे की सुविधा से गन्ना किसानों को उनके पास उपलब्ध गन्ना उत्पादन की आपूर्ति के लिए पर्ची की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा।

वहीं किसानों को अतिरिक्त सट्टा का लाभ भी 7वें पक्ष से दिया जाएगा। जिससे उन्हें अपने गन्ने की आपूर्ति में औरअधिक सहूलियत होगी। चीनी मिलों में लागू किए गए अतिरिक्त सट्टे की मात्रा के निर्धारण के लिए सर्वप्रथम ऐसे कृषक जिनके सट्टे की मात्रा मिल के गत पेराई सत्र की प्रति हेक्टेयर औसत गन्ना आपूर्ति से कम हो तो उन्हें मिल की गत पेराई सत्र की औसत गन्ना आपूर्ति तक अतिरिक्त सट्टे का लाभ दिया जाएगा।

यह लाभ उनकी उपज की 85 प्रतिशत सीमा तक दिया जाएगा। जिला गन्ना अधिकारी ओउम प्रकाश सिंह ने बताया कि  अतिरिक्त सट्टे में बढ़ी हुई पर्चियों पर गन्ना आपूर्ति के लिए किसानों का विश्वास गन्ना विभाग और चीनी मिलों के प्रति दृढ़ होगा।

कृषक हित में लागू की गई इस सुविधा से कृषकों को प्रति हेक्टेयर अधिक मात्रा में गन्ना आपूर्ति की सुविधा प्राप्त होगी तथा छोटे गन्ना कृषक अपना गन्ना समय से चीनी मिल को आपूर्ति कर सकेंगे। ड्रिप इरीगेशन के माध्यम से सिंचाई करने वाले गन्ना कृषकों को अतिरिक्त सट्टे में प्राथमिकता दी जायेगी तथा अतिरिक्त सट्टे में अस्वीकृत प्रजातियों के गन्ने को सम्मिलित नहीं किया जाएगा।

यह भी पढ़ें-  कासगंज : शोभायात्रा में आकर्षण का केंद्र बनेंगे नागा साधु,दिखाएंगे करतब

संबंधित समाचार