पीलीभीत: नकल विहीन परीक्षा कराने को यूपी बोर्ड ने कॉपियों में किया बदलाव, जानिए डिटेल्स

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार: इस बार यूपी बोर्ड में काफी सारे बदलाव किए जा रहे हैं। परीक्षा के दौरान नकल माफिया सक्रिय न हो। इसलिए बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं को बदल दिया है। कॉपी के कवर पेज का रंग बदला गया है। साथ ही उन पर बारकोड भी अंकित किया गया है। ताकि नकल माफिया बोर्ड परीक्षा में कॉपियों में हेराफेरी न कर सके। इसको लेकर तैयारियां शुरु कर दी गई है।

22 फरवरी से बोर्ड परीक्षा की शुरुआत हो रही है। जिले में इस बार परीक्षा में 44780 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल में 24970 और इंटरमीडिएट में 19810 परीक्षार्थी शामिल है। परीक्षा को संपन्न कराने के लिए 75 परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया है।

नकल विहीन परीक्षा कराने को लेकर विभाग पुख्ता तैयारी कर रहा है, ताकि परीक्षा केंद्रों पर नकल की कोई गुंजाइश न रहे। सीसीटीवी से निगरानी के अलावा उत्तर पुस्तिकाओं में हेराफेरी रोकने के लिए पैटर्न में बदलाव किया गया है। बता दें कि यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल माफिया परीक्षार्थियों को पास कराने के लिए कई हथकंडे अपनाते हैं। इस बार बोर्ड ने उत्तर पुस्तिका में बदलाव किया है, जिससे पुरानी उत्तर पुस्तिकाएं अनुपयोगी हो गई हैं।

नए पैटर्न के अनुसार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिका के मुख्य पृष्ठ पर अंकित सूचनाओं व जानकारियों का रंग बदल गया है। हाईस्कूल की कॉपियों पर अंकित विवरण का रंग बदल कर काला कर दिया गया है। बाईं ओर की पट्टी का रंग भी काला रहेगा।

जबकि वर्ष 2023 की परीक्षा में रंग लाल था। वहीं, इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं पर अंकित विवरण का रंग बदलकर लाल किया गया है। बाईं ओर की पट्टी भी लाल रंग की है। जबकि बीते वर्ष कवर पेज पर अंकित विवरण की पट्टी का रंग काला था। जो अब बदल दिया है। अब नए पैटर्न पर ही परीक्षा कराई जाएगी।

यूपी बोर्ड की परीक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं में संशोधन किया गया है। पिछली बार जिस कॉपी का रंग हाईस्कूल का था। उसे अब इंटरमीडिएट का रंग कर दिया गया है। ताकि नकल माफिया परीक्षा में हावी नहीं हो सके। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे आदि की व्यवस्था कराई गई है---गिरजेश कुमार चौधरी,  डीआईओएस।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: रेस्क्यू की गई बाघिन का ब्लड सैंपल IVRI भेजा, कैनाइन डिस्टेंपर वायरस की चपेट में तो नहीं आ गई!

संबंधित समाचार