पीलीभीत: रेस्क्यू की गई बाघिन का ब्लड सैंपल IVRI भेजा, कैनाइन डिस्टेंपर वायरस की चपेट में तो नहीं आ गई!

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार: एक दिन पूर्व रेस्क्यू की गई बाघिन के स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसके ब्लड सैंपल को जांच के लिए आईवीआरआई भेजा गया है। बाघिन के  बदले व्यवहार के चलते के चलते वन अफसर भी हैरत में हैं। फिलहाल जांच रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद बाघिन को रिलीज किया जाएगा।

कलीनगर तहसील क्षेत्र के गांव अटकोना में सोमवार रात किसान सुखविंदर सिंह के दीवार पर आ बैठी थी। सूचना पर मंगलवार तड़के पहुंची वन विभाग की टीम ने जाल लगाकर बाघिन की निगरानी शुरू कर दी थी। मकान के दीवार पर घंटो तक बैठी बाघिन को देखने के लिए बड़ी संख्या में आसपास गांवों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी।

पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल के नेतृत्व में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया है। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाघिन को ट्रैंक्यूलाइज कर पिंजरे में कैद किया गया। इस दौरान बाघिन का शांत व्यवहार को लेकर हर कोई चर्चा करता नजर आया।

वन अफसर भी बाघिन के व्यवहार से हैरत में थे। उस दौरान बाघिन के अस्वस्थ होने की आशंका जताई जा रही थी। बाघिन को माला रेंज ले जाया गया। जहां ट्रैंक्यूलाइज विशेषज्ञ डॉ. दक्ष गंगवार द्वारा बाघिन की  स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परीक्षण के बाद बाघिन के ब्लड सैंपल को जांच के लिए आईवीआरआई बरेली भेजा गया है।

बाघिन स्वस्थ तो ब्लड सैंपल की जांच क्यों?
बाघिन के स्वास्थ्य को लेकर जब वन अफसरों से जानकारी की गई तो उसके स्वस्थ होने की बात कही गई, लेकिन इस बाघिन के ब्लड की जांच की क्यों जरुरत पड़ गई, इस मामले में वन अफसर स्पष्ट रुप से कुछ भी बताने तैयार नहीं है। अमूमन रेस्क्यू किए जाने वाले बाघों को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद ही बिना ब्लड जांच के ही एक या दो दिन बाद रिलीज कर दिया जाता है, मगर इस बाघिन के ब्लड सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है।

बाघिन का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया था। बाघिन स्वस्थ पाई गई है। बाघिन के ब्लड सैंपल को आईवीआरआई जांच के लिए भेजा गया हैं। एनटीसीए की गाइडलाइन के मुताबिक जांच रिपोर्ट आने के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बाघिन को रिलीज किया जाएगा--- नवीन खंडेलवाल, डिप्टी डायरेक्टर, पीटीआर

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: पति कैंसर से पीड़ित... भुगतान को चक्कर लगा रही पूर्व महिला प्रधान, मुख्यमंत्री दरबार में शिकायत के बाद खलबली

संबंधित समाचार