कानपुर : सीएचसी से गायब बच्चा बरामद, महिला गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई महिला अपहर्ता को पुलिस ने खोज निकाला

शिवराजपुर/ कानपुर, अमृत विचार। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बच्चे के गायब होने के मामले में आखिर पुलिस ने कामयाबी हासिल कर ली। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई बच्चा चोर महिला को पुलिस ने खोज निकाला। उसके पास से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया है। बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है।

रवांलालपुर गांव की रहने वाली अरुणा कुशवाहा के पति नीलू कुशवाहा की मौत हो चुकी है। मंगलवार की दोपहर अरुणा कुशवाहा अपने तीन वर्षीय बच्चे सत्यम कुशवाहा को लेकर शिवराजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रैबीज की वैक्सीन लगवाने आई थी। वह बच्चे को सीएचसी परिसर में कुर्सी पर बैठा कर पर्चा बनवाने के बाद वैक्सीन लगवाने के लिए औषधि केंद्र में जमा करने गई थी। जब वह पर्चा जमा कर वापस आई तो बेटा गायब था। उसने सीएचसी परिसर में काफी ढूंढा, लेकिन बच्चा नहीं मिला तो वह जोर-जोर रोने लगी। महिला को रोते देख भीड़ लग गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनुज दीक्षित ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस और बिल्हौर एसीपी अजय त्रिवेदी पहुंच गए और सीएचसी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे। फुटेज में एक अज्ञात महिला बच्चे को गोद में उठाकर जाते दिखी। बुधवार को सीएचसी पहुंचे एडीसीपी आकाश पटेल ने बताया कि सत्यम के चाचा शीलू कुशवाहा की तहरीर पर अज्ञात महिला के खिलाफ अपहरण का मुकदमा लिखा गया। 

एडीसीपी आकाश पटेल ने बताया कि शिवराजपुर थाने की पुलिस और पश्चिमी जोन की एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से प्रयास कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चे को बरामद करने के लिए 10 पुलिस टीमें गठित की गई थीं। तफ्तीश में एक महिला द्वारा बच्चे को ले जाने का वीडियो सामने आने के बाद महिला और बच्चे की फोटो अस्पताल, ऑटो स्टैंड, रेलवे स्टैंड में दिखाकर पूछताछ की गई तो महिला की पहचान गौरा नेवादा गांव की रहने वाली पूजा चौहान के रूप में हुई। पुलिस की टीमें पूजा चौहान की तलाश में दौड़ीं तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से बच्चे को भी बरामद कर लिया गया। पुलिस उपायुक्त पश्चिम की ओर से पुलिस टीम को 25,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है।

39 (22)

परिवार के सदस्यों नहीं खाया खाना
सत्यम के अपहरण से परिवार के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल रहा। सत्यम की मां अरुणा अपने बेटे को याद कर बिलखती रही, जिससे उसकी हालत भी खराब हो गई। चाचा शीलू कुशवाहा का कहना है कि सत्यम पूरे परिवार का चहेता है। परिवार के किसी भी सदस्य ने  कल से खाना नहीं खाया और रात भर कोई सोया भी नहीं।

पूछताछ के लिए आशा बहू को पुलिस ने बैठाया
सीएचसी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालने के बाद पुलिस मंगलवार की देर शाम एक आशा बहू को थाने ले गई और महिला कांस्टेबल के साथ लगातार पूछताछ करती रही। आशाबहू को हिरासत में लिए जाने के बाद बुधवार को ब्लॉक क्षेत्र की आशाबहुओं ने थाने पहुंचकर हंगामा काटा और नाराजगी जाहिर की।

अपनी गोद भरने को चोरी किया बच्चा
एडीसीपी के मुताबिक गिरफ्तार पूजा चौहान ने पूछताछ में बताया कि उसका अपने पति से विवाद हो गया था। विवाद के बाद पति बच्चों को लेकर अलग रह रहा है। उसे बच्चे की ललक थी, इसी कारण उसने बच्चा चोरी किया था।

ये भी पढ़ें -बहराइच : कल मेडिकल कॉलेज डायलिसिस यूनिट का उद्घाटन करेंगे उप मुख्यमंत्री

संबंधित समाचार