भारत को विकसित राष्ट्र बनाना ही PM का सपना : प्रतिभा शुक्ला
रायबरेली, अमृत विचार। गुरुवार को खीरों ब्लाक की ग्राम पंचायत टिकवामऊ और नुनैरा में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। टिकवामऊ में प्रभारी मंत्री और मुख्य विकास अधिकारी द्वारा केन्द्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए विस्तृत चर्चा की गई। इस समारोह में किसानों को किसान सम्मान निधि प्रमाण पत्र, ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड, गैस सिलेंडर आदि वितरित किए गए।
टिकवामऊ में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने बताया कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाना प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी जी का सपना है। जब देश का हर गांव विकसित होगा। ग्रामीण विकसित होंगे। तभी राष्ट्र विकसित भारत की कल्पना की जा सकती है। जब तक देश के ग्रामीण क्षेत्रों के सबसे निचले पायदान पर स्थित नागरिक को सभी मूलभूत सुविधाएं नहीं प्राप्त हो जाती तब तक भारत विकसित राष्ट्र नहीं कहा जा सकता है। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में सभी की भागीदारी होनी चाहिए।
मुख्य विकास अधिकारी पूजा यादव ने बताया कि केन्द्र और प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के लिए उज्जवला योजना के अन्तर्गत निश्शुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत निश्शुल्क पांच लाख तक की चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था की जा रही है। किसानों को उचित समय पर किसान सम्मान निधि दी जा रही है। क्षेत्र में बेसहारा मवेशियों के लिए गोआश्रय स्थलों का निर्माण कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आपदा राहत के तहत पात्र लाभार्थियों को आवास और स्वच्छ भारत मिशन के तहत पात्र लाभार्थियों को शौचालय उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से हर पात्र व्यक्ति को लाभान्वित किया जा रहा है। सरकार द्वारा सभी कार्यों में पूरी पादर्शिता रखी जा रही है। हर योजना का धन बिना किसी बिचौलिए के सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजा जा रहा है।
नुनैरा में भी आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में भाजपा नेता जंग बहादुर सिंह ने सरकार की उपलब्धियों को ग्रामीणों तक पहुंचाया। इस समारोह में बीडीओ डॉ अंजू रानी वर्मा, बीईओ मुकेश कुमार के साथ ही भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता तथा ग्राम पंचायत के महिला पुरुष उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें -संतकबीरनगर: एसडीएम सदर ने शेल्टर होम का किया औचक निरीक्षण, दिए निर्देश
