अरैल तट पर आ गए विदेशी मेहमान, पूरे दिन साइबेरियन पक्षियों संग लोग लेते हैं सेल्फी 

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

नैनी/ प्रयागराज, अमृत विचार। सात समंदर पार से आने वाले विदेशी मेहमानों से संगम क्षेत्र एक बार फिर गुलजार हो उठा है। साइबेरियन पक्षियों का झुंड युवाओं और बच्चों को खूब लुभा रहा है। इस कारण नैनी के अरैल घाट पर पूरे दिन जमघट लगा रहता है। तमाम लोग हाथों में बेसन का सेव लेकर विदेशी मेहमानों को खिलाते रहते हैं। यह क्रम सुबह से लेकर शाम तक चलता रहता है। 

ठंड के आगमन के साथ ही सात समंदर पार से बड़ी संख्या में साइबेरियन पक्षी का झुंड प्रयागराज के संगम में आ जाता है। माघ मेला के दौरान यह पक्षी बड़ी संख्या में यहां पानी में और आकाश में उड़ते देखे जाते हैं। यह माघ मेला का विशेष आकर्षण माना जाता है। बहुत से लोग नाव से संगम स्नान करने के लिए आते और जाते इन पक्षियों को बना का सेव खिलाते हैं। बेसन का सेव यह पक्षी बहुत चाव से खाते हैं। जबकि लाई आदि को वह नही चुनते। इसी कारण तमाम बच्चे और युवा घाटों और नावों से सेव बेचने का काम करते हैं। 

माघ मेला अभी शुरू नहीं हुआ है लेकिन अरैल घाट पर सैर सपाटा करने पहुंच रहे लोगों के लिए यह विदेशी मेहमान खूब भा रहे हैं। पूरे दिन लोगों द्वारा साइबेरियन पक्षियों को सेव खिलाया जाता है। सेव खाने के लिए यह पक्षी इंसानों के काफी करीब तक पहुंच जाते हैं।

ये भी पढ़ें -बहराइच के पूर्व भाजपा विधायक का लखनऊ में निधन, क्षेत्र में शोक

संबंधित समाचार