अयोध्या: विश्व हिंदू महासंघ ने मंदिर निर्माण के लिए सौंपा दो लाख 22 हजार का चेक
अयोध्या, अमृत विचार। श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला के दिव्य एवं भव्य मंदिर निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। इस कार्य मे लोग बढ़ चढ़ कर दान भी दे रहे हैं। रविवार को विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारियों का दल अयोध्या पहुंचा। मंदिर निर्माण के लिए दो लाख 22 हजार रुपये का चेक से दान …
अयोध्या, अमृत विचार। श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला के दिव्य एवं भव्य मंदिर निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। इस कार्य मे लोग बढ़ चढ़ कर दान भी दे रहे हैं। रविवार को विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारियों का दल अयोध्या पहुंचा। मंदिर निर्माण के लिए दो लाख 22 हजार रुपये का चेक से दान दिया।
गत 5 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भूमि पूजन के बाद से मंदिर निर्माण की गतिविधियों में तेजी आ गई। श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए दान वीरों ने खुलकर दान दिए। जिससे 40 करोड़ से अधिक रुपये व सोना प्राप्त हो चुका है। अभी एक भक्त ने अमेरिका से 1500 डॉलर का चेक मंदिर निर्माण के लिए भेजा था।
इसी क्रम में रविवार को विश्व हिंदू महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अतुल सिंह के नेतृत्व में संघ के पदाधिकारियों ने 2 लाख 22 हजार रुपये का चेक श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ अनिल मिश्र को दान स्वरुप सौंपा।
बताया कि विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय प्रमुख गोरक्षपीठाधीश्वर व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आशीर्वाद पर संघ के महामंत्री ओमप्रकाश यादव व धर्मार्थ प्रमुख महंत डॉ हरिओम पाठक के प्रस्ताव पर श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने एक रकम जुटाई।
सभी जिला इकाइयों के सहयोग से 2 लाख 22 हजार रुपये का चेक रविवार को दिया गया है। इतना ही नही 56 भोग अर्पित कर वस्त्र व परदे भी बदले गए। विश्व हिंदू महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अतुल सिंह ने कहा कि यह आखिरी नही है। संस्था ऐसे धर्मार्थ कार्य करती रहेंगी।
राम का दिव्य एवं भव्य मंदिर का निर्माण हो ऐसा सपना संजोये संघ का हर पदाधिकारी व कार्यकर्ता समर्पित है। इस दौरान विश्व हिंदू महासंघ के तमाम सदस्य मौजूद रहे।
