भारतीय महिला हॉकी के लिए रोमांच से भरपूर रहा साल '2023', कप्तान सविता पूनिया बोलीं- अद्भुत...नए साल की व्यस्त शुरुआत होगी

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

बेंगलुरु। भारतीय महिला हॉकी के लिए 2023 का साल रोमांच की सुखद अनुभूति से परिपूर्ण रहा। टीम पेरिस 2024 ओलंपिक खेलों के लिए सीधे क्वालीफिकेशन से चूक गईं, लेकिन झारखंड महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी रांची 2023 को जीत कर वापसी की। इसके अलावा भारतीय महिलाओं ने अपनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ एफआईएच विश्व रैंकिंग हासिल की है, जो उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण का प्रमाण है।

भारतीय टीम ने अपना ध्यान पूरी तरह से हांगझाऊ 2022 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर केंद्रित करते हुए, वर्ष की शुरुआत जनवरी में दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड के खिलाफ अभ्यास मैचों के साथ की और उसके बाद मई 2023 में तीन मैचों की सीरीज के लिये ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया। टेरासा में चार देशों के आमंत्रण टूर्नामेंट में भारत मेजबान स्पेन और इंग्लैंड के खिलाफ अजेय रहा।

2023 में पहली छमाही के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम ने अगस्त 2023 में सलालाह में आयोजित हॉकी5एस एशिया कप जीता। उन्होंने तेज रफ्तार के साथ एशियाई खेलों में प्रवेश किया। वे टूर्नामेंट के पूल चरण में अजेय थे, लेकिन सेमीफाइनल में चीन के खिलाफ 0-4 से हार गए, इस प्रकार स्वर्ण पदक मैच से चूक गए और अंततः पेरिस 2024 ओलंपिक खेलों के लिए सीधे योग्यता के लिए विवादों के बीच बाहर हो गए। हालांकि, वे चीन से कांस्य पदक लेकर स्वदेश लौटे।

 2023 में टीम के प्रदर्शन को याद करते हुए भारत की शीर्ष गोलकीपर और कप्तान सविता पूनिया ने कहा,  यह एक अद्भुत वर्ष रहा है। हमारे बीच उतार-चढ़ाव आए लेकिन एक टीम के रूप में हम लगातार मजबूत होते गए। पेरिस 2024 में सीधे प्रवेश से चूकने का एक अफसोस है लेकिन यह खेल का अभिन्न अंग है। हमने उस निराशा को पीछे छोड़ दिया है और अपनी सीख पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। इसके बाद भारत ने फाइनल में जापान पर 4-0 की शानदार जीत के साथ झारखंड महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी रांची 2023 जीती और नवंबर में अपनी सर्वश्रेष्ठ एफआईएच विश्व रैंकिंग (2368.83 अंकों के साथ नंबर छह) हासिल की। 

उन्होंने कहा  हम साल का समापन शानदार तरीके से कर रहे हैं, एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में रांची में हमने शानदार प्रदर्शन किया था। हम टूर्नामेंट में अजेय रहे थे और पूरे साल में बहुत कुछ सीखने को मिला। हम विश्व रैकिंग में छठे नंबर पर पहुंच गए हैं जो हमारी अब तक की सर्वोच्च रैंकिंग । भारतीय महिला टीम की 2024 की शुरुआत व्यस्त कार्यक्रम से होगी।

भारत जनवरी में होने वाले सभी महत्वपूर्ण एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर रांची 2024 और एफआईएच हॉकी विश्व कप ओमान 2024 में भाग लेगा। टीम फरवरी से ओडिशा में एफआईएच प्रो लीग 2023/24 सीज़न में भी हिस्सा लेगी। सविता ने कहा-  निश्चित रूप से नए साल की व्यस्त शुरुआत होगी। हम इस समय एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर रांची 2024 पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और राष्ट्रीय शिविर में बहुत कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हम उसी स्थान पर खेलेंगे जहां हमने एशियाई जीता था। हम एक रोमांचक 2024 की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें : IND vs SA : दूसरे टेस्ट से पहले टीम इंडिया में बदलाव, आवेश खान की हुई एंट्री

संबंधित समाचार