पीलीभीत: एनटीसीए के डीआईजी ने परखा बाघिन का स्वास्थ्य, रिहाई को अभी और इंतजार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार: अटकोना गांव से रेस्क्यू की गई बाघिन के स्वास्थ्य को लेकर चल रही अटकलों के बीच अब एनटीसीए डीआईजी वैभव माथुर शुक्रवार को माला रेंज पहुंचे। उन्होंने तीन दिन से पिंजरे में कैद बाघिन को देखा और अधिकारियों से उसके बारे में जानकारी ली। फिलहाल अभी बाघिन को रिहाई के लिए इंतजार करना होगा। इसे लेकर निर्णय बाकी है।

बता दें कि कलीनगर तहसील क्षेत्र के अटकोना गांव से 26 दिसंबर को किसान सुखविंदर सिंह के घर से बाघिन को रेस्क्यू किया गया था।  रेस्क्यू के दौरान बाघिन के व्यवहार को लेकर अधिकारी भी हैरत में दिखे। माला रेंज ले जाकर बाघिन का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

अफसरों के निर्देश पर बाघिन के स्वास्थ्य की जांच को ब्लड सैंपल आईवीआरआई बरेली भेजा था। गुरुवार को पीटीआर के डीडी नवीन खंडेलवाल ने जांच रिपोर्ट सामान्य होने की जानकारी दी थी। इधर, शुक्रवार को एनटीसीए (नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी) के डीआईजी वैभव माथुर माला रेंज पहुंचे। उन्होंने बाघिन के स्वास्थ्य को परखने के साथ डीडी नवीन खंडेलवाल से जानकारी पूरी जानकारी ली। फिलहाल अभी बाघिन की फिटनेस रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। इसके बाद ही बाघिन को छोड़ने की प्रक्रिया पर अमल किया जाएगा।

एनटीसीए के डीआईजी ने यहां पहुँच कर बाघिन के सम्बंध में जानकारी ली है। बाघिन की फिटनेस रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। उच्चाधिकारियों के निर्देश मिलने के बाद बाघिन को रिलीज किया जाएगा--- नवीन खंडेलवाल, डिप्टी डायरेक्टर पीटीआर।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: नए साल में युवाओं को मिलेगी डिजिटल लाइब्रेरी की सौगात

संबंधित समाचार