Kanpur Weather Today: कोहरे से बढ़ी गलन… दिन में भी चल रही ठंडी हवा, इतने दिन बाद बन रहे बारिश के आसार
कानपुर में 1 को हो सकती है बारिश।
कानपुर में इसके अलावा रविवार तक कोहरे व शीतलहर का असर बने रहने की भी संभावना जताई है। शहर में सुबह कोहरा होने से वाहन सवारों को परेशानी उठानी पड़ी।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में नए साल का स्वागत बारिश के बीच हो सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने 1 को बारिश होने की संभावना जताई है। इसकी वजह उन्होंने पश्चिमी विक्षोप के चलते बन रहे दबाव व नम हवाओं को बताया है। इसके अलावा रविवार तक कोहरे व शीतलहर का असर बने रहने की भी संभावना जताई है।
शहर में सुबह कोहरा होने से वाहन सवारों को परेशानी उठानी पड़ी। इसके अलावा इसका असर ट्रेनों पर भी पड़ा। 27 ट्रेनें ऐसी रही जो कोहरे से प्रभावित हुई। शुक्रवार को सीएसए विवि के मौसम विभाग की ओर से अधिकतम तापमान 18.4 दर्ज किया गया।
इसी तरह न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीएसए के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि रविवार तक शीतलहर जारी रह सकती है। 1 को मध्यम बारिश होने की संभावना है।
प्राकृतिक व जैविक खेती के लिए वैज्ञानिक किसानों को करें तैयार
भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान लखनऊ में हुए एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन हुआ। टिकाऊ कृषि के लिए प्राकृतिक एवं जैविक खेती विषय पर बोलते हुए सीएसए कानपुर के कुलपित डा. आनंद कुमार सिंह ने कहा कि प्राकृतिक और जैविक खेती से स्वास्थ्यवर्धक खाद्यान्न प्राप्त होता है। साथ ही साथ पर्यावरण और मृदा स्वास्थ्य भी स्वस्थ रहता है।
उन्होंने वैज्ञानिकों का आवाहन करते हुए कहा कि किसानों को परंपरागत पद्धति से खेती पर प्रशिक्षण न दें बल्कि खेती की उन्नत तकनीक को सिखा कर इसे लाभ का व्यवसाय बनवाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मिट्टी काफी उर्वर है जिसमें खाद्यान्न, उद्यानिकी सभी प्रकार की फसलें ली जा रही हैं।
उद्यानिकी व मसाला फसलों जैसी अधिक आय परक फसलों का क्षेत्रफल बढ़ाने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डा. आरके सिंह ने की। जबकि मुख्य अतिथि के तौर पर बीएचयू बनारस के पूर्व कुलपति एवं आईसीएआर के पूर्व महानिदेशक डॉक्टर पंजाब सिंह, आईसीएआर के उप महानिदेशक (प्रसार) डा. यूएस गौतम बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
