बदायूं: शिक्षक पद पर हुए भर्ती, नियुक्ति के लिए सात साल का इंतजार...
DEMO IMAGE
बदायूं, अमृत विचार: नया साल शहर निवासी एक युवक के लिए नया सवेरा लेकर आएगा। सात साल पुरानी शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत उसे शिक्षक पद का नियुक्त पत्र मिलेगा। काउंसलिंग के बाद बेसिक शिक्षा विभाग नियुक्त पत्र देने की पूरी तैयारी कर चुका है। नियुक्ति पत्र देने के बाद उनके अभिलेखों का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद स्कूल आवंटित होगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी स्वाती भारती ने बताया कि वर्ष 2016 में शुरू हुई इस भर्ती में 75 में से 24 जिलों में एक भी पद खाली नहीं था। इन शून्य खाली पदों वाले जिलों के अभ्यर्थियों को किसी अन्य जिले में आवेदन करने की छूट दी गई थी। मार्च 2017 में पहली काउंसलिंग हुई लेकिन उसी समय प्रदेश में सरकार बदल जाने के बाद नई सरकार ने 23 मार्च 2017 को भर्ती पर रोक लगा दी थी। इस पर कुछ अभ्यर्थी कोर्ट चले गए थे।
हाईकोर्ट की एकल पीठ ने एक नवंबर 2018 को भर्ती पर रोक वाले राज्य सरकार के आदेश को रद्द कर दिया। इसके बाद सरकार ने भर्ती शुरू करने की अनुमति दी। सभी अभ्यर्थियों की काउंसलिंग भी कराई गई। 51 जिलों में अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए लेकिन बाकी चयनितों की नियुक्ति नहीं हो पाई।
इनमें से कुछ अभ्यर्थियों व राज्य सरकार ने एकल पीठ के आदेश को चुनौती देते हुए अपील दाखिल की थी। प्रदेश सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले व आदेश के बाद शून्य खाली पदों वाले जिले के चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति करने के आदेश जारी कर दिये। बीएसए ने बताया कि जिले में तीन पद थे। हाईकोर्ट में मामला होने के कारण तीनों पदों को सुरक्षित रख लिया था। अब फैसला आने के बाद शासन के आदेश पर इनकी 29 दिसंबर को काउंसलिंग कराई गई। लेकिन काउंसलिंग में दो अभ्यर्थी नहीं पहुंचे। एक अभ्यर्थी द्वारा काउंसलिंग कराई गई। इन्हें नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है। इसके बाद स्कूल आवंटित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बदायूं: जमीन की नमी सोख रहा यूकेलिप्टस, खेतों को किया बंजर
