लखीमपुर-खीरी: सीओ की जांच में सामने आई सिंगाही पुलिस की लापरवाही, अब लटकी कारवाई की तलवार...जानिए मामला
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: थाना सिंगाही की हवालात में आरोपी के जहरीला पदार्थ खाने के मामले में सीओ की जांच अंतिम चरण में है। जांच में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। इससे विवेचक समेत लापरवाह पुलिसकर्मियों पर अब कारवाई की तलवार लटकने लगी है। दो से तीन दिन में जांच पूरी होने की उम्मीद है।
थाना सिंगाही पुलिस एक आठ वर्षीय बालिका के अपहरण के मामले में लखीमपुर शहर निवासी अरविंद कुमार को 23 दिसंबर को पुलिस पकड़ कर थाना सिंगाही लाई थी और उसे हवालात में बंद कर दिया था। अगले दिन सुबह उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई थी। पुलिस उसे आनन फानन में लेकर निघासन सीएचसी पहुंची थी, जहां से डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। इससे पुलिस के हाथ पांव फूल गए थे।
पुलिस ने घटना को छुपाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी थी। जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बजाय पुलिस ने मुक्ति धाम रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में गुपचुप तरीके से भर्ती कराया था। एसपी गणेश प्रसाद साहा से लेकर एसओ सिंगाही जेबी सिंह तक इस तरह की कोई घटना होने से ही साफ इंकार कर रहे थे। पूरे दिन चली कवायद के बाद भी कुछ बताने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन यह प्रकरण जब आईजी लखनऊ तरुण गाबा के संज्ञान में पहुंचा तो उन्होंने कारवाई के आदेश दिए। इसके बाद अफसर हरकत में आए।
नतीजतन रात करीब सवा नौ बजे एएसपी नैपाल सिंह का जांच सीओ निघासन को सौंपे जाने का बयान मीडिया सेल पर आया था। इधर पुलिस ने दो दिनों तक चले इलाज के बाद हालत ठीक होने पर आरोपी अरविंद कुमार को गुपचुप तरीके से कोर्ट में पेश किया था। आरोपी जिला जेल में बंद है। इधर सीओ निघासन ने अपनी जांच शुरू कर दी थी। सीओ यादुवेंद्र सिंह ने विवेचक समेत गिरफ्तारी में शामिल टीम के साथ ही थाने के अन्य पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए हैं।
विभागीय सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान कुछ पुलिस कर्मियों की लापरवाही पाई गई है। जांच में घटना के कारणों को भी दर्शाया गया है। जांच अंतिम चरण में है। दो तीन दिन में जांच रिपोर्ट एसपी को सौंप दी जाएगी। सीओ कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि जांच में विवेचक समेत कुछ अन्य पुलिस कर्मियो की लापरवाही सामने आई है। इससे अब इन पुलिस कर्मियों पर कारवाई की तलवार लटकी हुई है।
यह था पूरा मामला
लखीमपुर खीरी। शहर निवासी एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ बेलरायां कड़िया मार्ग पर स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने गया था। वहीं पर उसका पड़ोसी अरविंद भी पत्नी व बच्चों के साथ मजदूरी कर रहा था। आरोप है की अरविंद कुमार 24 नवंबर की दोपहर करीब 1.30 बजे दिन को अपने परिवार सहित उसकी आठ साल की पुत्री को भी बहला फुसलाकर ले गया था। वह कुछ मंद बुद्धि की है। बालिका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने 26 नवंबर को की अरविंद कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
जांच काफी हद तक पूरी हो चुकी है। जांच में घटना के कारणों को भी अवगत कराया गया है। किसकी लापरवाही रही यह भी प्रदर्शित किया गया है। दो तीन दिन में जांच पूरी कर रिपोर्ट एसपी को सौंप दी जाएगी---यादुवेंद्र सिंह सीओ निघासन।
जांच काफी हद तक पूरी हो चुकी है। जांच में घटना के कारणों को भी अवगत कराया गया है। किसकी लापरवाही रही यह भी प्रदर्शित किया गया है। दो तीन दिन में जांच पूरी कर रिपोर्ट एसपी को सौंप दी जाएगी---यादुवेंद्र सिंह सीओ निघासन।
