अमरोहा: सड़क हादसों में पशु चिकित्सक समेत दो लोगों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डिडौली कोतवाली क्षेत्र में हुए हादसे, ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था बिहार का रंजीत, जलीलपुर बक्काल के रहने वाले पशु चिकित्सक अतर सिंह साइकिल से आ रहे थे घर

अमरोहा/डिडौली, अमृत विचार। डिडौली कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर अवैध कट से सड़क पार करते समय वाहन से कुचलकर बिहार निवासी ईंट भट्ठा मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं दूसरे हादसे में पशु चिकित्सक की मौत हुई है।

यह हादसा शुक्रवार देर रात डिडौली कोतवाली के ठीक सामने हुआ, जहां अवैध कट से हाईवे पार कर रहे व्यक्ति को वाहन ने कुचल दिया। इस हादसे में घायल व्यक्ति की मौत हो गई। शनिवार सुबह मृतक की पहचान बिहार के जिला मुंगेर के थाना संग्रामपुर क्षेत्र के गांव ललिया निवासी रंजीत मांझी पुत्र मुन्ना मांझी के रूप में हुई। रंजीत तीन माह पहले जलीलाबाद-ककराली मार्ग पर संचालित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने आया था। सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। रंजीत की मौत से उसकी पत्नी केलादेवी व दो बेटे और दो बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को हवाले कर दिया। 

दूसरा हादसा भी डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव ढेला नगला के पास हुआ। यहां सड़क किनारे निजी पशु चिकित्सक का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम से जांच पड़ताल कराई। पुलिस ने मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गयाकि अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव जलीलपुर बक्काल निवासी अतर सिंह (65) पशु चिकित्सक थे। एक दिन पहले वह पशुओं का इलाज करने के लिए घर से निकले थे। लेकिन शुक्रवार रात उनका शव गांव ढेला नगला के पास सड़क किनारे मिला। 

राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। माना जा रहा है कि अतर सिंह साइकिल से घर जा रहे थे। इस बीच रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौत हो गई। बताया गया कि मृतक पशु चिकित्सक के परिवार में पत्नी, तीन बेटे और चार बेटियां हैं। डिडौली कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि बीती रात सड़क किनारे बुजुर्ग का शव मिला था। प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क हादसा लग रहा है। शरीर पर कई जगह चोट लगी है। फिलहाल मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा: कड़ाके की ठंड से ठिठुरे लोग, सूर्य ने नहीं दिए दर्शन

संबंधित समाचार