अमरोहा : शावकों की तलाश में आबादी के बीच पहुंचा तेंदुए का जोड़ा
वन विभाग ने गांव में लगाया पिंजरा, सतर्कता बरतने की दी सलाह
अमरोहा, अमृत विचार। दो दिन पहले मिले शावकों को तलाश करते हुए तेंदुए का जोड़ा शुक्रवार रात गांव गंगदासपुर में आबादी के पास पहुंच गया।इससे ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गई। गांव पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से जानकारी ली और जंगल में पिंजरा लगाया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की हिदायत दी है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव गंगदासपुर के जंगल में गुरुवार सुबह गन्ने की फसल में तेंदुए के दो शावक मिले थे। ग्रामीणों ने शावकों को वन विभाग के अधिकारियों के हवाले किया था। तभी लोग जंगल में तेंदुए का जोड़ा होने की आशंका जता रहे थे। वन अधिकारियों ने महिलाओं और बच्चों को जंगल की ओर न भेजने के लिए सचेत करते हुए खेतों पर समूह बनाकर काम करने की सलाह दी थी।
आशंका जताई गई थी कि तेंदुए का जोड़ा शावकों को तलाश करते हुए आएगा और उनके नहीं मिलने पर वह हमला भी कर सकता है। तभी से ग्रामीण सुराक्षा बरत रहे हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात शावकों को तलाश करते हुए तेंदुए का जोड़ा गांव की आबादी के पास पहुंच गया। रात करीब 10 बजे गांव निवासी महबूब अली घर के आंगन में टहल रहे थे। आहट होने पर उन्होंने घर से बाहर निकलने के बाद कार में बैठकर लाइट जलाकर देखा तो दो तेंदुए उनके घर से कुछ आगे घूम रहे थे।
उन्होंने शोर मचाया तो पड़ोसी अब्दुल सत्तार व रजाबुल हसन ने भी तेंदुए के जोड़े को गांव की तरफ से जंगल की ओर जाते हुए देखने का दावा किया। घटना की जानकारी गांव में हुई तो दहशत फैल गई। शनिवार सुबह ही वन विभाग की टीम गांव पहुंची और ग्रामीणों से जानकारी लेते हुए सतर्कता बरतने का सुझाव दिया। वन क्षेत्राधिकारी राजीव वर्मा ने बताया कि तेंदुए का जोड़ा शावकों की तलाश में घूम रहा है। ग्रामीणों से एहतियात बरतने के लिए कहा गया है। महिलाओं और बच्चों को खेत पर न भेजा जाए, तेंदुआ हमलावर भी हो सकता है।
ये भी पढ़ें:- प्राचीन हाथी के असामान्य निशानो से जीवाश्म विशेषज्ञ हैरान, जानिए इस रहस्य को कैसे सुलझाया
