बदायूं: कोहरा हुआ कम, बादलों ने बढ़ाई ठंड... अब बारिश होने की संभावना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार: शहर में शनिवार को पूरे दिन भगवान भास्कर के दर्शन नहीं हुए। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। वहीं ठंडी हवाओं के झोंके व सुबह-शाम गलन के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। दिनभर ठंडी हवाओं के चलते लोग घरों में दुबके रहे।

सड़कों पर अन्य दिनों की अपेक्षा कम आवागमन देखने को मिला। कृषि विभाग द्वारा कुछ दिन और ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना के साथ बारिश होने के अंदेशा जताया रहा है। धूप न निकलने से शनिवार को अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 

सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता बहुत कम रही। इस कारण बहुतेरे लोग देर सुबह तक अपने घरों में ही रहे। लोगों को उम्मीद थी कि सुबह नौ-दस बजे तक सूर्य उदय होगा लेकिन दोपहर व शाम हो गया परंतु भगवान भास्कर के  दर्शन नहीं हुए।  लोग चाय की चुस्कियों संग शरीर में गर्माहट लाने का प्रयास करते रहे।

वहीं जहां अलाव जल रहा था, वहां लोगों को बैठकर आग तापते हुए देखा गया। पछुआ हवा चलने के कारण लोगों को ठंड का अहसास होता रहा। अन्य दिनों की अपेक्षा शनिवार को सड़कों पर उतनी रौनक नहीं दिखी, गर्म कपड़ों की दुकानों पर लोगों को खरीदारी करते हुए जरूर देखा गया।

सुबह की तरह शाम के बाद भी वातावरण में घना कोहरा छा गया। कोहरे का सबसे अधिक प्रभाव हाईवे पर देखा गया। कोहरे के कारण हाईवे पर वाहनों की रफ्तार कम दिखी। इसी तरह कोहरे के प्रभाव के कारण सुबह आठ बजे तक सड़कों पर वाहनों को हेडलाइट जलाकर रेंगते हुए देखा गया। वहीं दिन भर लोग ठंड के कारण ठिठुरते हुए नजर आए। ठंड के चलते लोग घरों से आवश्यक कार्यवश ही बाहर निकले।

यह भी पढ़ें- बदायूं: महिला को विश्वास में लेकर नौ लाख की धोखाधड़ी, दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार