बरेली: कातिल पकड़ना तो दूर, 10 दिन में युवती की नहीं कर सके पहचान
बरेली, अमृत विचार। कैंट क्षेत्र के ठिरिया निजावत खां स्थित आम के बाग में 20 दिसंबर को एक युवती का गला रेत कर शव फेंका गया। 10 दिन बीतने के बाद भी पुलिस न तो युवती की पहचान कर सकी और न ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर सकी है।
थाना क्षेत्र के ठिरिया निजावत खां में 20 दिसंबर की सुबह करीब 10 बजे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। जिस पर एसएसपी समेत आलाधिकारी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच कर जांच भी की। पुलिस अधिकारियों ने कई टीमें गठित की, लेकिन, पुलिस टीम को अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। कई लोगों ने आकर बेटी, भांजी होने का दावा किया लेकिन शव को दिखाने के बाद सभी ने साफ इन्कार कर दिया।
पुलिस ने पांचवें दिन पिछले रविवार को सिटी श्मशान भूमि पर अंतिम संस्कार कराया था। कैंट थाना प्रभारी विश्वजीत सिंह ने बताया कि पुलिस रोजाना नए-नए तरीके अपनाकर युवती के शव का पहचान करने में जुटी हुई है, लेकिन, अभी तक पुलिस को कोई खास सुराग नहीं मिला है।
ये भी पढे़ं- बरेली: मंडल में 50 लाख की लागत वाली 215 परियोजनाएं अधूरी
